भारत-न्यूजीलैंड वनडे से पहले इंदौर हाई अलर्ट:होल्कर स्टेडियम नो-फ्लाइंग जोन, ट्रैफिक डायवर्जन लागू; विराट-कुलदीप ने किए महाकाल के दर्शन

भारत और न्यूजीलैंड के बीच रविवार को होने वाले एक दिवसीय क्रिकेट मैच को लेकर इंदौर में जबरदस्त उत्साह है। टिकटों की भारी मांग के बीच होटल रेडिसन से लेकर होल्कर स्टेडियम तक क्रिकेट प्रशंसकों की भीड़ खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए उमड़ रही है। इस बीच पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े और हाईटेक इंतजाम किए हैं। न्यूजीलैंड की टीम ने आज सुबह नेट प्रैक्टिस की, जबकि भारतीय टीम ने दोपहर 1 बजे से प्रैक्टिस शुरू की है। कई खिलाड़ी उज्जैन के महाकाल मंदिर दर्शन के लिए भी पहुंचे। आज सुबह विराट कोहली और कुलदीप यादव ने महाकाल मंदिर में भस्म आरती में उपस्थिति दर्ज कराई। स्टेडियम और आसपास का इलाका नो-फ्लाइंग जोन एडीसीपी राजेश दंडोतिया के मुताबिक होल्कर स्टेडियम और उसके 5 किलोमीटर के दायरे को नो-फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है। इस क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने और पतंगबाजी पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। स्टेडियम के अंदर और बाहर करीब 1500 से अधिक पुलिस जवान तैनात रहेंगे। सुरक्षा व्यवस्था को चार सेक्टरों में बांटा गया है। सीसीटीवी कैमरों के साथ-साथ आसपास की बहुमंजिला इमारतों से भी निगरानी रखी जाएगी। टिकटों की कालाबाजारी करने वालों पर क्राइम ब्रांच की विशेष नजर रहेगी। मैच के दिन ट्रैफिक डायवर्जन रविवार दोपहर 12 बजे से मैच समाप्ति तक ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। इन मार्गों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। इन रूट्स पर केवल पासधारी और आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को ही प्रवेश मिलेगा। ये रहेगी पार्किंग व्यवस्था मैच देखने आने वाले दर्शकों के लिए यशवंत क्लब, अभय प्रशाल, बास्केटबॉल ग्राउंड, विवेकानंद स्कूल, बाल विनय मंदिर, जीएसआईटीएस और पंचम की फैल में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे तय किए गए डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था का पालन करें, ताकि यातायात और सुरक्षा व्यवस्था सुचारू बनी रहे। कोहली-कुलदीप ने महाकाल के दर्शन किए भारत-न्यूजीलैंड के बीच इंदौर में खेले जाने वाले मैच से पहले विराट कोहली और कुलदीप यादव उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। दोनों ने त्रिपुंड (तिलक) लगवाया। इसके बाद भस्म आरती में शामिल हुए। विराट और कुलदीप शनिवार सुबह करीब 4 बजे भस्म आरती के लिए महाकाल मंदिर पहुंचे। दो घंटे तक नंदी हॉल में बैठकर आरती देखी। इस दौरान वे जाप करते नजर आए। मंदिर समिति ने दोनों खिलाड़ियों का सम्मान किया
भस्म आरती के बाद विराट और कुलदीप ने भगवान को जल अर्पित किया। फिर नंदी जी का पूजन अर्चन कर भगवान महाकाल के देहरी से दर्शन किए। इस मौके पर महाकाल मंदिर समिति की ओर से दोनों का सम्मान किया गया। कुलदीप यादव ने कहा कि महाकाल मंदिर आकर बहुत अच्छा लगा। क्रिकेट के साथ-साथ अपनी लाइफ में भी अच्छा करते रहें, भगवान महाकाल का आशीर्वाद सब पर बना रहे बस यही मांगा है। बता दें, इससे पहले भी विराट और कुलदीप महाकाल मंदिर में दर्शन करने आ चुके हैं। कोच गंभीर ने किए थे मां बगलामुखी के दर्शन
भारत-न्यूजीलैंड के होने वाले मैच के लिए टीम इंडिया इंदौर पहुंची हुई है। इससे पहले शुक्रवार को भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर आगर मालवा जिले के नलखेड़ा स्थित विश्व प्रसिद्ध मां बगलामुखी मंदिर पहुंचे। यहां वे हवन-अनुष्ठान में शामिल हुए और वैदिक मंत्रोच्चार किया। पूजा, अनुष्ठान के बाद गौतम गंभीर ने माता के दरबार में कुछ समय बिताया। गर्भगृह में मुख्य पुजारी दिनेश गुरू ने उन्हें माता की चुनरी ओढ़ाई। इधर, क्रिकेटर केएल राहुल उज्जैन में महाकाल मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने पूजा की। तस्वीरें देखें… सीरीज 1-1 की बराबरी पर
भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है। सीरीज का आखिरी और निर्णायक मुकाबला 18 जनवरी को इंदौर में खेला जाएगा। दोनों टीमों ने अब तक एक-एक मैच जीता है। ऐसे में यह मुकाबला बेहद अहम होगा, क्योंकि जो टीम यह मैच जीतेगी वही सीरीज पर कब्जा जमाएगी। स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… इंदौर आए गिल 3 लाख का वाटर प्यूरीफायर साथ लाए: यहां गंदे पानी से अब तक 24 मौतें; BCCI ने शेफ भी भेजा न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला खेलने के लिए टीम इंडिया इंदौर पहुंच चुकी है। कप्तान शुभमन गिल अपने साथ करीब तीन लाख रुपए की एक विशेष वॉटर प्यूरीफिकेशन मशीन लेकर इंदौर आए हैं। पढ़ें पूरी खबर

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *