मालीपुरा स्कूल में हादसा, 5 छात्र टांके में गिरकर घायल:अस्पताल में भर्ती, खाना खाते समय पट्टी टूटने से हुआ हादसा

जवाजा पंचायत समिति क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल मालीपुरा में शनिवार को दोपहर भोजन के दौरान एक हादसा हो गया। स्कूल परिसर में बने पानी के टांके की पट्टी अचानक टूट जाने से उस पर बैठे पांच छात्र टांके में गिरकर घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लंच के समय टांके की पट्टी पर लगभग छह छात्र बैठे थे। इनमें से एक छात्र हट गया, जबकि शेष पांच पट्टी टूटने के कारण सीधे टांके में जा गिरे। इस दौरान छात्रों के भोजन के बर्तन भी टांके में गिर गए। घटना के तुरंत बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। घायल छात्रों को पहले स्कूल के एक कक्ष में प्राथमिक इलाज देने का प्रयास किया गया। स्थिति गंभीर होने पर स्कूल के टीचरों ने सभी घायलों को ब्यावर के राजकीय अमृतकौर अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण स्कूल पहुंचे। वहीं, ब्यावर अस्पताल में भी घायल छात्रों के परिजन पहुंच गए। सभी बच्चों का इलाज जारी है। स्कूल टीचरों ने घटना पर दुख व्यक्त किया है। वहीं, ग्रामीणों ने स्कूल परिसर में मौजूद निर्माणाधीन ढांचों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *