सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक ऑनलाइन डेटिंग एप से जैसलमेर के लोगों में खासी नाराजगी है। वायरल हो रहे एक तथाकथित वीडियो कॉल और चैट ऐप के विज्ञापन ने पूरे जिले में उबाल पैदा कर दिया है। इस वीडियो में जैसलमेर में 10 हजार लड़कियों के मात्रा 3 रुपए में डेटिंग एप के लिए उपलब्ध होने की बात कही जा रही है। इस एप को लेकर जनता में खासी नाराजगी को देखते हुए जैसलमेर एसपी अभिषेक शिवहरे ने एप की पड़ताल शुरू कर दी है। एसपी शिवहरे बोले- हमने डेटिंग एप की पड़ताल शुरू कर दी है। एप कहां से रजिस्टर्ड है और उसको कौन हैंडल कर रहा है इसकी जांच की जा रही है। इस तरह की हरकतों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और उसपर सख्त कार्रवाई की जाएगी। क्या है पूरा मामला? दरअसल, इंस्टाग्राम पर एक विज्ञापन वीडियो तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिसमें एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) तकनीक का दुरुपयोग कर ग्रामीण परिवेश के पुरुषों और महिलाओं के फर्जी दृश्य तैयार किए गए हैं। वीडियो में भ्रामक और अपमानजनक दावा किया गया है कि जैसलमेर की 10 हजार लड़कियां मात्र 3 रुपए में एक ऐप पर ‘एक्टिव’ हैं। इतना ही नहीं, इसमें पोकरण, सम, फतेहगढ़ और रामगढ़ जैसे क्षेत्रों का नाम लेकर इसे क्षेत्र विशेष से जोड़ने की कोशिश की गई है। वीडियो में दिखाए गए दृश्य पूरी तरह से अश्लील और अशोभनीय हैं, जो जैसलमेर की मूल संस्कृति के बिल्कुल विपरीत हैं। तकनीक का सहारा लेकर चरित्र हनन की कोशिश साइबर जानकारों का कहना है कि यह वीडियो पूरी तरह ‘डीपफेक’ और एआई जनित है। इसमें जानबूझकर स्थानीय पहनावे और पृष्ठभूमि का उपयोग किया गया है ताकि इसे सच दिखाया जा सके। जिले के प्रबुद्ध वर्ग का कहना है कि यह केवल एक विज्ञापन नहीं, बल्कि जैसलमेर की सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने की सोची-समझी साजिश है। जनता की मांग: “प्रशासन करे सख्त कार्रवाई” वीडियो सामने आने के बाद जैसलमेर के हर वर्ग, चाहे वे युवा हों, बुजुर्ग हों या सामाजिक कार्यकर्ता, में गहरा रोष है। सोशल मीडिया पर लोग इस वीडियो को रिपोर्ट कर रहे हैं और जिला प्रशासन व पुलिस के साइबर सेल से मांग कर रहे हैं कि इस भ्रामक विज्ञापन को तुरंत सभी प्लेटफॉर्म से हटाया जाए। एआई के जरिए फर्जी कंटेंट बनाने वाली कंपनी और उसे प्रमोट करने वाले अकाउंट संचालकों को गिरफ्तार किया जाए। साथ ही आईटी एक्ट की धाराओं के तहत कठोरतम कार्रवाई हो ताकि भविष्य में कोई भी जिले की साख से खिलवाड़ न कर सके। सख्त कार्रवाई करेंगे-एसपी अभिषेक शिवहरे जैसलमेर एसपी अभिषेक शिवहरे ने एप की पड़ताल शुरू कर दी है। एसपी अभिषेक शिवहरे बोले- हमने डेटिंग एप की पड़ताल शुरू कर दी है। एप कहां से रजिस्टर्ड है और उसको कौन हैंडल कर रहा है इसकी जांच की जा रही है। इस तरह की हरकतों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और उसपर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


