सरकारी स्कूल के बच्चों ने सीखी हस्तकरघा की बारीकियां:एयरटेल के सहयोग से हुई पांच दिन की इंटर्नशिप, तीन स्कूलों के बच्चे भी शामिल

जोधपुर में भारतीय हथकरघा प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईएचटी) में शिक्षा विभाग और भारती एयरटेल फाउंडेशन के सहयोग से 5 दिन की इंटर्नशिप पूरी हुई। 12 से 16 जनवरी तक चली इस ट्रेनिंग में लूणावास खारा, अल्पभाषा राजमहल, बड़ली और गंडेरो ढाणी के सरकारी स्कूलों के 33 बच्चों ने हिस्सा लिया। आईआईएचटी के वरिष्ठ प्रवक्ता विक्रमसिंह ने बताया कि बच्चों को रोज अलग-अलग लैब में मशीनें चलाने का मौका मिला। बुनाई की बेसिक प्रक्रिया, कपड़ों के प्रकार, डिजाइन-पैटर्न, हैंडलूम सेक्टर में जॉब ऑप्शन और कोर्सेज पर खासी जानकारी दी गई। संस्थान निदेशक डॉ. शिवज्ञानम ने बताया कि इसमें बच्चों ने इंटर्नशिप के दौरान हस्तकरघा की बारीकियां सीखी। आगे भी एयरटेल फाउंडेशन संग मिलकर ऐसे प्रोग्राम चलाएंगे। उप निदेशक विरेंद्रसिंह शेखावत ने कहा कि एयरटेल क्वालिटी सपोर्ट प्रोग्राम से स्कूलों को वोकेशनल ट्रेनिंग के मौके मिल रहे हैं। एयरटेल के रीजनल हेड संदीप सारडा ने बताया, राजस्थान के 6 जिलों के 125 स्कूलों में एमओयू के तहत नई शिक्षा नीति पर काम हो रहा है। इंटर्नशिप इसका हिस्सा है। आगे स्टेट-नेशनल लेवल इंस्टीट्यूट में बच्चों को भेजेंगे। समापन में अल्पभाषा राजमहल की प्रिंसिपल उषा छंगाणी और गंडेरो ढाणी के भुवनेश राजपुरोहित ने दोनों संस्थाओं को धन्यवाद दिया। अंत में सभी बच्चों को सर्टिफिकेट दिए गए। इस मौके एयरटेल से सुदीप कुलश्रेष्ठ, सुधीर कुमार पात्रो, रामावतार, मेघना और आईआईएचटी के बीके शर्मा समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *