महिला कमांडो ने संघर्ष के अनुभवों को साझा किया

भास्कर न्यूज | बलौदा बाजार मां महा मैत्रायणी योगिनी निर्वाण दिवस के अवसर पर सर्वेश्वरी समूह शाखा भाटापारा द्वारा ग्रामीण सेवा, नारी सशक्तिकरण और सामाजिक अनुशासन को समर्पित प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर धौराभाठा में महिला कमांडो के साहस, सतर्कता और अनुकरणीय योगदान को सम्मानित कर सामाजिक परिवर्तन की नई मिसाल प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः सेवा गतिविधियों से हुई, जहां समूह की महिला सदस्यों ने ग्राम धौराभाठा स्थित विभिन्न देवालयों में स्वच्छता हेतु झाड़ू वितरण किया। इस सेवा कार्य के माध्यम से स्वच्छता, संस्कार और सामाजिक चेतना का संदेश दिया गया। सांय 5 बजे धौराभाठा स्थित सिद्ध बाबा परिसर में सम्मान समारोह आयोजित हुआ। यहां ग्राम की 35 महिला कमांडो के साथ पंचों एवं सरपंच को तिलक लगाकर कंबल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके साहस, धैर्य, आपसी समन्वय और निरंतर चौकसी से गांव में स्थापित शांति व्यवस्था से प्रभावित होकर प्रदान किया गया। महिला कमांडो के प्रयासों से ग्राम धौराभाठा में खुलेआम शराब सेवन पर प्रभावी रोक लगी है। गलियों में होने वाले झगड़े, असामाजिक गतिविधियां और बदमाशी जैसी घटनाएं अब बीते दिनों की बात हो गई हैं। इस उल्लेखनीय परिवर्तन के पीछे महिला कमांडो के नेतृत्वकर्ता कुलवंती ध्रुव, सरपंच तथा सरपंच प्रतिनिधि अमर ध्रुव के सतत मार्गदर्शन और प्रयास को विशेष रूप से सराहा गया। सम्मान समारोह से पूर्व महिला कमांडो द्वारा अपने अनुभव और संघर्षों को साझा किया गया, जिसने उपस्थित जनसमूह को भावुक और प्रेरित किया। अमर ध्रुव ने महिला कमांडो गठन की मंशा, उनकी सक्रियता और निरंतरता पर प्रकाश डालते हुए इसे सामाजिक जागरूकता का सशक्त मॉडल बताया। शाखा उपाध्यक्ष राकेश तिवारी ने उनके कार्यों की प्रशंसा करते हुए हर कदम साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। शाखा मंत्री दीपक ठाकुर ने इसे समूह की समर्पित इच्छा शक्ति और कमांडो के कार्यों को संगठन का नैतिक समर्थन बताया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *