नवाचारी-व्यावहारिक मॉडलों का प्रदर्शन कर दिया आत्मनिर्भरता का संदेश:सिरोही की बालिकाओं ने कौशल प्रदर्शनी में दिखाया हुनर

सिरोही के पीएम श्री राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक स्कूल में कौशल विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक कौशल प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में छात्राओं ने सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) और ब्यूटी एंड वेलनेस ट्रेड के तहत नवाचारी एवं व्यावहारिक मॉडलों का प्रदर्शन कर आत्मनिर्भरता का संदेश दिया। पीएम श्री योजना प्रभारी गोपाल सिंह राव ने बताया कि आईटी ट्रेड की छात्राओं ने कंप्यूटर एप्लिकेशन, डिजिटल प्रेजेंटेशन, डेटा हैंडलिंग और तकनीकी मॉडलों के माध्यम से अपनी दक्षता प्रदर्शित की। ब्यूटी एंड वेलनेस ट्रेड की छात्राओं ने हेयर स्टाइलिंग, स्किन केयर, मेकअप तकनीक और पर्सनल ग्रुमिंग के लाइव डेमो प्रस्तुत किए। प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में कौशल विकास, आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता और रोजगारोन्मुखी शिक्षा को प्रोत्साहित करना था। छात्राओं द्वारा प्रस्तुत व्यावहारिक प्रोजेक्ट्स ने उनकी भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयारी को दर्शाया। कार्यक्रम में उप प्रधानाचार्य सुमन कुमारी, कौशल मित्र अनिता चौहान, वर्षा त्रिवेदी, देवीलाल, भगवत सिंह देवड़ा, महेंद्र कुमार प्रजापत, लता किरण बंसल, तृप्ति डाबी, कुसुम परमार, प्रतिभा आर्य, जया, ममता कोठारी, दिनेश सुथार, श्रद्धा सिंदल, सुजाना राम, शिवानी राठौड़, गणपत राज खत्री, कीर्ति सोलंकी, कामिनी रावल सहित शिक्षकगण, पेरेंट्स और अतिथि उपस्थित रहे। सभी ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना की। स्कूल की प्रधानाचार्य हीरा खत्री ने कहा कि पीएम श्री योजना के अंतर्गत कौशल-आधारित शिक्षा छात्राओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने बताया कि ऐसे रचनात्मक और उपयोगी आयोजन भविष्य में भी जारी रहेंगे। पीएम श्री योजना प्रभारी गोपाल सिंह राव ने यह भी बताया कि इस प्रकार की प्रदर्शनियां छात्राओं के आत्मविश्वास को मजबूत करती हैं और उन्हें रोजगार तथा उद्यमिता के लिए तैयार करती हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *