झालावाड़ में 12वीं कक्षा के एक छात्र के अपहरण का कथित प्रयास किया गया। नेशनल हाईवे 52 पर स्थित एक निजी स्कूल से लौटते समय कुछ नकाबपोश युवकों ने उसे रोकने की कोशिश की। छात्र ने अपने दोस्तों के साथ स्कूटी से मिनी सचिवालय परिसर में घुसकर अपनी जान बचाई, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। यह घटना शनिवर दोपहर में स्कूल की छुट्टी होने के समय की बताई गई है। छात्र अरबाज खान ने बताया कि वह कोटा रोड स्थित एक निजी स्कूल से अपने दो दोस्तों के साथ घर लौट रहा था। वे आज प्रैक्टिकल देकर आ रहे थे, तभी करीब 1 किलोमीटर दूर आते ही यह घटना हुई। अरबाज के अनुसार इको और बुलेट पर सवार कुछ युवकों ने उनके सामने वाहन खड़ा करके रोकने का प्रयास किया। जब वे उसे पकड़ने के लिए आगे बढ़े, तो अरबाज अपनी स्कूटी से तेज गति से आगे बढ़कर सचिवालय के अंदर पहुंच गया। उसने बताया कि वे उसका अपहरण करना चाहते थे। घटना की जानकारी परिजनों को मिलने पर उन्होंने पुलिस को सूचित किया। एसपी अमित कुमार के निर्देश पर झालावाड़ डिप्टी हर्षराज सिंह खरेड़ा के नेतृत्व में मामले की जांच शुरू कर दी गई है।


