इंदौर की घटना पर नगर कांग्रेस का उपवास:महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष बैठे, जनता के साथ न्याय की गुहार

इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से हो रही मौतों के विरोध में कांग्रेस ने शनिवार को प्रदर्शन किया। नगर कांग्रेस अध्यक्ष पप्पू यादव ने कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ शहर के फव्वारा चौक पर एक दिवसीय उपवास रखा। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। उपवास के दौरान नगर अध्यक्ष ने इंदौर नगर निगम पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से अब तक 24 लोगों की मौत हो चुकी है और यह सिलसिला जारी है। यादव ने बताया कि इंदौर नगर निगम में भाजपा का महापौर है। साथ ही, प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी इंदौर के प्रभारी मंत्री हैं। इसके बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है। उदासीनता के कारण आम नागरिकों की जान जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार अब तक इस मामले में कोई ठोस कदम उठाने में विफल रही है। उन्होंने बताया कि यह उपवास मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर रखा गया है। इसका उद्देश्य प्रदेश सरकार को जगाना है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं इंदौर ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश में दोबारा न हों। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी एक स्वर में दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *