नगर गौरव दिवस के अवसर पर 25 जनवरी को बॉलीवुड के प्रसिद्ध संगीतकार कीर्ति सगाथिया सतना में रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। वे अपनी पूरी टीम के साथ प्रस्तुति देंगे। महापौर योगेश ताम्रकार ने शनिवार को दो दिवसीय नगर गौरव दिवस कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। महापौर ने बताया कि 24 जनवरी को शहर के व्यंकटेश लोक में रंगोली, पेंटिंग और पतंगबाजी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं में शहर के बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक भाग ले सकेंगे। इसी दिन शाम को अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कलाकार बाबा सत्यनारायण मौर्य अपनी प्रस्तुति देंगे। बाबा सत्यनारायण मौर्य लगभग दो घंटे तक मंच पर रहेंगे। उन्हें राष्ट्रगीत गाते हुए किसी भी महापुरुष का चित्र उकेरने में महारत हासिल है। 25 जनवरी को धवारी स्टेडियम में चल रही अटल बिहारी वाजपेयी टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता के महापौर कप का फाइनल मैच खेला जाएगा, जिसके साथ ही प्रतियोगिता का समापन होगा। इसके बाद शाम को उप मुख्यमंत्री की उपस्थिति में बाबा अलाउद्दीन खां मैहर बैंड की ज्योति चौधरी द्वारा बंदूक की नाल से बनी नल तरंग का वादन किया जाएगा। रात में बॉलीवुड संगीतकार कीर्ति सगाथिया की टीम द्वारा मुख्य संगीतमय प्रस्तुति दी जाएगी।


