कोटा पुलिस ने फर्जी आर्मी अधिकारी बनकर बेरोजगार युवाओं को सेना में भर्ती कराने के नाम पर ठगी करने वाले एक शातिर युवक को आर्मी इंटेलिजेंस और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के तहत गिरफ्तार किया है। कोटा एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया कि 17 जनवरी को नेहरू गार्डन नयापुरा के पास इंटेलिजेंस टीम कोटा ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर एक युवक को डिटेन किया। आरोपी आर्मी की वर्दी पहनकर खुद को सेना का अधिकारी बता रहा था। पकड़े गए युवक की पहचान महेश गिर पुत्र प्रकाश गिर उम्र 22 वर्ष, निवासी गांव जडवासा, तहसील पीपलोदा, थाना कालूखेड़ा, जिला रतलाम (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। संयुक्त पूछताछ टीम ने जब उससे गहन पूछताछ की तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। इसके बाद आरोपी को थाना नयापुरा लाया गया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी आर्मी की वेशभूषा पहनकर आर्मी एरिया और नेहरू गार्डन के आसपास घूमता था और बेरोजगार युवाओं को सेना में भर्ती कराने का झांसा देकर उनसे पैसे ऐंठता था। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर अतिरिक्त जिला कलेक्टर कोटा के समक्ष पेश किया गया है। पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर ठगी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।


