डायबिटीज, ब्लड प्रेशर के लिए 15 दिन बैलेंस थेरेपी शिविर:उदयपुर में 19 से जीवनशैली जनित रोगों के लिए नि:शुल्क शिविर, ढोलकिया देंगे टिप्स

डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, थायराइड, माइग्रेन सहित कई जीवनशैली जनित रोगों से जूझ रहे लोगों के लिए उदयपुर में चित्रकूट नगर, पानी की टंकी के पास 19 जनवरी से 15 दिनों का नि:शुल्क योग एवं बैलेंस थेरेपी शिविर आयोजित किया जाएगा।
विश्वास संस्थान एवं सहस्त्रार योग एवं बैलेंस थेरेपी स्टूडियो, अहमदाबाद के संयुक्त तत्वावधान में यह शिविर होगा। शिविर में अहमदाबाद के योगाचार्य दिलीपभाई ढोलकिया टिप्स देंगे। उन्होंने बताया कि इस शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों को योग एवं बैलेंस थेरेपी के माध्यम से रोगों के मूल कारणों को समझाना और प्राकृतिक तरीके से समाधान देना है। विश्वास संस्थान के निदेशक शेखर कुमार ने बताया कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का रहस्य योग और बैलेंस थेरेपी में छिपा है, जहां श्वांस, ध्यान और ऊर्जा मिलकर हमें सम्पूर्ण स्वास्थ्य की ओर ले जाते हैं। सहस्त्रार योग एवं बैलेंस थेरेपी स्टूडियो के विशेषज्ञ वासु ढोलकिया ने बताया कि शिविर से पूर्व 18 जनवरी को प्रात: 10.30 बजे, चित्रकूट नगर स्थित विश्वास संस्थान सभागार में एक विशेष जागरूकता टॉक सेशन भी आयोजित किया जाएगा। 15 दिवसीय शिविर में सुबह 7 से 12 बजे एवं सायंकाल 5 से 8 बजे तक एक-एक घंटे के बैचों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस शिविर में योग एवं बैलेंस थेरेपी के माध्यम से डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, थायराइड, माइग्रेन सहित कई रोगों के कारण, निदान और प्राकृतिक उपचार के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। शिविर में भाग लेने के इच्छुक व्यक्ति ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के जरिए अपना स्लॉट बुक कर सकते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *