इंदौर के जैन मंदिर में चोरी:गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे; 3 आरोपी दान पेटी बाइक पर रखकर फरार हुए

मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में अब धार्मिक स्थल भी चोरों से सुरक्षित नहीं रहे। एमआईजी थाना क्षेत्र स्थित जैन मंदिर में देर रात चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक महिला सहित तीन आरोपियों ने मंदिर का ताला तोड़कर दान पेटी पर हाथ साफ कर दिया। पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, लेकिन चोर बेखौफ होकर फरार हो गए। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि एक महिला और उसके दो पुरुष साथी योजनाबद्ध तरीके से मंदिर परिसर में घुसते हैं। पहले गेट का ताला तोड़ा जाता है, फिर दान पेटी उठाकर बाहर लाया जाता है और बाइक पर रखकर तीनों आरोपी आराम से मौके से निकल जाते हैं। घटना की सूचना मिलते ही मंदिर प्रबंधन ने एमआईजी थाना पुलिस को जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची, निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज जब्त कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि घटना के बाद भी आरोपी खुलेआम फरार हैं, जिससे पुलिस की रात्रिकालीन गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर अलग-अलग टीमें गठित की हैं। दावा किया जा रहा है कि फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तारी करेंगे। नागरिकों ने प्रशासन से मंदिरों और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ाने, सीसीटीवी मॉनिटरिंग सशक्त करने और रात्रि गश्त को केवल कागज़ों तक सीमित न रखने की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *