बलौदाबाजार जिले के पलारी थाना क्षेत्र में एक ही दिन में तीन लोगों की मौत हो गई। इन घटनाओं ने पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना दिया है। मृतकों में प्रेम में असफल एक युवक, कर्ज से परेशान एक बुजुर्ग और एक सड़क हादसे का शिकार हुआ बाइक सवार शामिल है। तीनों शवों का पोस्टमॉर्टम डॉ. बी.एस. ध्रुव ने किया। पहली घटना ग्राम छेरकापुर में हुई, जहां 26 वर्षीय मोहन साहू उर्फ टाइगर ने प्रेम में असफलता के कारण अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूत्रों के अनुसार, मोहन एक ग्रामीण लड़की से प्रेम करता था और शादी का प्रस्ताव लेकर उसके परिवार के पास गया था। लड़की के परिवार ने गांव में रिश्ता न करने की बात कहकर प्रस्ताव ठुकरा दिया था। इस अस्वीकृति से मोहन साहू टूट गया और उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। परिजनों के समझाने के बावजूद वह निराश था। आर्थिक तंगी से परेशान बुजुर्ग ने लगाई फांसी दूसरी घटना ग्राम ससहा की है, जहां 65 वर्षीय शत्रुहन ढीमर ने कथित तौर पर आर्थिक तंगी और कर्ज के बोझ से परेशान होकर अपने घर में फांसी लगा ली। पुलिस के मुताबिक, वे लंबे समय से वित्तीय समस्याओं से जूझ रहे थे। सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत तीसरी घटना एक सड़क दुर्घटना से संबंधित है। ग्राम ओडान के निवासी बबलू अपने घर के लिए गैस सिलेंडर लेकर बाइक से लौट रहे थे। रास्ते में उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सिलेंडर सहित गिर गए। गिरने के दौरान भारी सिलेंडर सीधे उनके पेट और सीने पर आ गिरा, जिससे उन्हें गंभीर आंतरिक चोटें आईं। बबलू की मौके पर ही मौत हो गई। पलारी थाना प्रभारी परिवेश तिवारी ने बताया कि तीनों मामलों की जांच जारी है। पोस्टमॉर्टम के बाद सभी शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।


