नरसिंहपुर पुलिस ने अवैध नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन ईगल क्लॉ’ के तहत बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 106 किलोग्राम गांजा और 31.55 ग्राम स्मैक जब्त की गई। इस दौरान दो अंतर्राज्यीय तस्करों सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया के मार्गदर्शन में थाना सुआतला पुलिस ने राजमार्ग चौराहे पर नाकेबंदी के दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोका। पुलिस को देखकर ट्रक चालक स्टॉपर को धक्का देकर बरमान की ओर तेजी से भागने लगा। तत्काल सूचना पर बरमान चौकी पुलिस ने मजबूत नाकेबंदी की, जिसके बाद ट्रक को रोका गया। वाहन से उतरकर चालक और एक अन्य व्यक्ति भागने लगे, जिन्हें पुलिस टीम ने पीछा कर पकड़ लिया। पूछताछ में संतोषजनक जवाब न मिलने पर ट्रक की गहन तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक के ऊपर विशेष रूप से बनाए गए गुप्त बॉक्स में छिपाकर रखे गए गांजे के पैकेट मिले। कुल 106 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपए है। भोपाल ले जा रहे थे खेप गिरफ्तार आरोपियों ने गांजा ओडिशा-छत्तीसगढ़ क्षेत्र से भोपाल ले जाना स्वीकार किया। इनमें सीहोर जिले के देवरी पार्वती निवासी शकील खान और आष्टा के नानकपुर निवासी अमन कुशवाहा शामिल हैं। पुलिस ने ट्रक क्रमांक MP 09 HF 9648 (कीमत लगभग 30 लाख रुपए) और दो मोबाइल भी जब्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 20 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसी क्रम में, थाना स्टेशनगंज पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एक अन्य आरोपी को पकड़ा। उसकी तलाशी लेने पर 31.55 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 3.5 लाख रुपए बताई जा रही है। इस मामले में नरसिंहपुर जिले के करेली थाना अंतर्गत ग्राम कुशमी निवासी आशीष कौरव को गिरफ्तार किया गया है। उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(ए) सहपठित 21(बी) के तहत कार्रवाई की गई है।


