कोरिया जिले में पिता का फोन उठाने के विवाद पर युवक ने नाबालिग दोस्त पर टाटा सूमो चढ़ा दी। मृतक का जन्मदिन मनाने के लिए आरोपी व अन्य दोस्त बर्थडे की पार्टी कर झुमका जलाशय गए थे, वहां से वे लौट रहे थे। नाबालिग ने आरोपी के पिता का फोन आने पर उसे रिसीव कर लिया। इससे नाराज होकर आरोपी ने विवाद किया और फिर उसपर गाड़ी चढ़ा दी। मामला पटना थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, 4 जनवरी 2026 को रितेश कुमार सिंह (15 वर्ष) निवासी ग्राम तेजपुर, रामानुज नगर, सूरजपुर को जन्मदिन था। रितेश को लेकर विद्याचंद साहू अपनी टाटा सूमो से अन्य साथियों अभिषेक विश्वकर्मा, प्रीतपाल विश्वकर्मा, जितेन्द्र सिंह गोड, सतीश विश्वकर्मा के साथ पिकनिक मनाने झूमका डेम बैकुंठपुर गए थे। झुमका डेम में सभी ने मिलकर पार्टी की। वहां लौटने के बाद शाम करीब 07 बजे वे पटना शराब भट्ठी के पास शराब पीने लगे। पिता का फोन उठाने पर बढ़ा विवाद, सूमो से कुचला
शराब पीने के दौरान विद्या चन्द्र साहू ऊर्फ विनय साहू के मोबाईल पर उसके पिता का फोन आया तो रितेश कुमार सिंह ने दोस्त का फोन उठा लिया। उसने विद्या चंद्र साहू के पिता को बता दिया कि वे पटना पहुंचे हैैं। पिता का फोन उठाकर सच्चाई बताने से नाराज विद्या चंद्र साहू ने रितेश कुमार सिंह से गाली-गलौज कर विवाद शुरू कर दिया। विवाद से नाराज होकर रितेश कुमार सिंह पैदल ही घर जाने के लिए निकल गया। कुछ देर बाद विद्या चन्द्र साहू अपने अन्य साथियों के साथ टाटा सूमो में बैठकर रितेश को खोजते हुए पटना होते डुमरिया तरफ निकले। रात करीब सवा 8 बजे मुख्य मार्ग पर रितेश पैदल जाते दिखा। पूर्व में हुए विवाद की रंजिश को लेकर विद्या चंद्र साहू ने पैदल चल रहे रितेश सिंह पर सूमो वाहन चढ़ा दी। सूमो की टक्कर से रितेश उछलकर सड़क पर गिर गया। रितेश के अन्य दोस्तों के द्वारा उसे पटना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इलाज के लिए पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पूछताछ में हत्या का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
मामले की जांच कर रही पटना पुलिस ने मृतक के दोस्तों से पूछताछ की तो हत्या का खुलासा हुआ। उसके अन्य दोस्तों ने बताया कि वे विद्या चंद्र साहू को रोकने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उसने जानबूझकर नाबालिग दोस्त पर गाड़ी चढ़ाकर उसकी हत्या कर दी। मामले में पुलिस ने धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज किया। पटना पुलिस ने आरोपी विद्या चंद्र साहू उर्फ़ विनय साहू (18 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


