SC-ST महिलाओं से रेप…बयान पर घिरे बरैया, कांग्रेस का किनारा:पटवारी बोले- स्पष्टीकरण मांगा है; मुख्यमंत्री बोले- ऐसे नेता को पार्टी से निकालें राहुल गांधी

दतिया की भांडेर सीट से कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया के दलित महिलाओं से रेप के विवादित बयान पर सियासी घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बरैया से स्पष्टीकरण मांगा है और साफ किया है कि पार्टी ऐसे बयान से सहमत नहीं है। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से विधायक बरैया को पार्टी से बाहर करने की मांग की है। सीएम ने कहा कि इस तरह के बयान समाज में जहर घोलने का काम करते हैं और कांग्रेस नेतृत्व को इस पर सख्त कदम उठाना चाहिए। पटवारी बोले- अपराधी की कोई जाति या धर्म नहीं होता
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा है कि महिलाओं के साथ बलात्कार करने वाले अपराधी की कोई जाति या धर्म नहीं होता, वह केवल अपराधी होता है और उसे कानून के तहत सख्त सजा मिलनी चाहिए। पटवारी ने एनसीआरबी के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में प्रतिदिन औसतन 22 बलात्कार की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में समाज और हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि वे महिलाओं की सुरक्षा के लिए आगे आएं। कांग्रेस ने यह भी स्पष्ट किया कि बरैया का बयान उनका व्यक्तिगत विचार है और पार्टी इससे सहमत नहीं है। बरैया बोले- मेरा नहीं, दर्शनशास्त्र के एचओडी रहे झा का बयान है…
वहीं विवाद बढ़ने पर विधायक फूल सिंह बरैया ने सफाई दी है। उन्होंने कहा- जिस बयान को लेकर मुझ पर आरोप लगाए जा रहे हैं, वह मेरा स्वयं का बयान नहीं है। वह बयान हरिमोहन झा साहब का है, जो बिहार में दर्शनशास्त्र के एचओडी रह चुके हैं। मैंने उस कथन को केवल संदर्भ के तौर पर कोट किया था। मैं स्वयं उस बयान से सहमत नहीं हूं। मुख्यमंत्री बोले: राहुल गांधी के विधायक जहर घोलने वाले बयान दे रहे
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी को देखना चाहिए कि उनके विधायक ऐसे जहर घोलने वाले बयान दे रहे हैं, जो समाज में विद्वेष फैलाते हैं। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी अपने विधायक से जवाब लें, उन्हें सस्पेंड करें या पार्टी से बाहर करें। मैं इस बयान की निंदा करता हूं। विधायक होने के नाते फूल सिंह बरैया की जिम्मेदारी है कि ऐसे बयानों से बचें।” डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल बोले- बयान विकृत मानसिकता को दर्शाता है
डिप्टी सीएम ने सोशल मीडिया पर बिना नाम लिए लिखा कि किसी महिला की सुंदरता, पहनावे या पहचान को बलात्कार से जोड़ना अमानवीय है और खतरनाक, विकृत मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि बलात्कार अपराधी की सोच का परिणाम होता है, पीड़िता की वजह से नहीं। मंत्री राकेश सिंह बोले- यह उनका चरित्र है… सारंग बोले- निष्कासन नहीं, संरक्षण देती है कांग्रेस… सारंग ने राहुल के साथ बरैया की तस्वीर भी शेयर की बीजेपी विधायक शर्मा बोले- कांग्रेस ऐसे नेताओं को संरक्षण दे रही पढ़िए बरैया का विवादित बयान…
इंडिया में सबसे ज्यादा रेप शेड्यूल कास्ट, शेड्यूल ट्राइब और मोस्ट ओबीसी से होता है। रेप की थ्योरी ये है कि कोई भी…कैसे भी दिमाग का व्यक्ति रास्ते में जा रहा है, उसे खूबसूरत अति सुंदर लड़की यदि दिखी तो उसका ब्रेन विचलित हो सकता है तो रेप हो सकता है। आदिवासियों में, एससी में कौन सी अति सुंदर स्त्री है? मोस्ट ओबीसी में ऐसी स्त्रियां, सुंदरियां हैं? क्यों होता है बलात्कार, क्योंकि उनके धर्म ग्रंथों में इस तरह के निर्देश दिए गए हैं? बरैया से पूछा जाता है कि क्या हिन्दू धर्म ग्रंथों में लिखा है? तो वे कहते हैं अब वे हिन्दू हैं या नहीं, उस पर मुझे कुछ नहीं कहना, लेकिन मेरा तात्पर्य ये है कि धर्मग्रंथों में लिखा है कि (बरैया कुछ जातिसूचक नामों का उल्लेख करते हैं) इन जातियों के साथ सहवास करने से यह तीर्थ का फल मिलेगा। बरैया ने ये बातें सोशल मीडिया पर दिए इंटरव्यू में कही हैं। ब्राह्मण समाज ने कहा- बरैया को तत्काल निकाले कांग्रेस
वहीं बरैया के बयान का विरोध भी शुरू हो गया है। अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज के प्रदेश अध्यक्ष पुष्पेंद्र मिश्र ने फूल सिंह बरैया के बयान को बेशर्म, कुबुद्धिपूर्ण और समाज को तोड़ने वाला बताया। उन्होंने कहा कि बरैया यह स्पष्ट करें कि किस धर्मग्रंथ और किस अध्याय में यह लिखा है कि किसी जाति विशेष की महिलाओं के साथ सहवास करने से तीर्थ फल मिलता है। बयान को निकृष्ट और नीच मानसिकता का परिचायक बताया
हिंदू उत्सव समिति और संस्कृति बचाओ मंच के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने कहा कि वेद-पुराणों में कहीं भी ऐसा नहीं लिखा है कि SC-ST महिलाओं के साथ बलात्कार करने से मोक्ष या तीर्थ फल मिलता है। उन्होंने आरोप लगाया कि बरैया जैसे बयान समाज को जाति के आधार पर बांटने और सनातन धर्म को बदनाम करने का प्रयास हैं। ………………………………………. यह खबर भी पढ़ें…
जबलपुर में बरैया के बयान के विरोध में भाजपा महिला-मोर्चा का प्रदर्शन
कांग्रेस विधायक फूल सिंह बरैया द्वारा महिलाओं को लेकर दिए गए विवादित बयान के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा ने शनिवार को कड़ा विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं और प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी परांजपे ने मालवीय चौक पर विधायक बरैया का पुतला फूंका और उनके बयान की कड़ी निंदा की। पढ़ें पूरी खबर​​​​​​

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *