सीएम ने पूछा- घड़ी के चलने का सिद्धांत क्या है?:छात्रों का जवाब मिला- सेल, सुई; ठहाके लगाकर हंसे सिंधिया और तोमर

ग्वालियर की जीवाजी यूनिवर्सिटी में रविवार को सीएम डॉ. मोहन यादव ने स्टूडेंट्स से सवाल-जवाब किए। उन्होंने पूछा, ‘चंद्रमा की उत्पत्ति कैसे हुई?’ कोई इसका जवाब नहीं दे सका। सीएम ने फिर पूछा, ‘घड़ी के चलने का सिद्धांत क्या है?’ इसके जवाब में एक छात्र का जवाब था- सेल, दूसरे का जवाब था- सुई। इस पर कार्यक्रम में मौजूद केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और एमपी विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ठहाके लगाकर हंसे। सीएम रविवार को शहर के जीवाजी विश्वविद्यालय के अटल सभागार में हुए युवा संवाद और विकास कार्यों के भूमिपूजन – लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल हुए। सीएम बोले- लिंक प्रोजेक्ट पीएम की ओर से बड़ी सौगात
मुख्यमंत्री ने केन-बेतवा लिंक और पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक प्रोजेक्ट पर कहा, ‘यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एमपी को बड़ी सौगात है। शिवपुरी एक मात्र ऐसा जिला होगा, जो इन दोनों परियोजनाओं से लाभांवित होगा।’ उन्होंने ग्वालियर शहर में पीने के पानी की व्यवस्था के लिए 459 करोड़ रुपए की लागत से मूर्त रूप लेने जा रही चंबल पेयजल परियोजना के कामों का शुभारंभ किया। ग्वालियर संभाग के सभी जिलों के कुल 1202 करोड़ रुपए की लागत के 67 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, सामाजिक न्याय मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला, क्षेत्रीय सांसद भारत सिंह कुशवाह भी मौजूद रहे। सिंधिया बोले- युवा विश्व का भविष्य
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा, ‘युवा प्रदेश और देश ही नहीं, विश्व का भविष्य हैं। मुख्यमंत्री यादव में मध्यप्रदेश को अग्रणी बनाने की कशिश और जज्बा है। उनके नेतृत्व में मध्यप्रदेश के युवा देश, प्रदेश और विश्व का निर्माण करने में अपनी सर्वश्रेष्ठ भूमिका निभाएंगे।’ विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा, ‘आजादी के जब 100 वर्ष पूरे होंगे और आज का भारत विकसित भारत के रूप में पूरी दुनिया देखेगी, उस समय आज की पीढ़ी साक्षी बनेगी।’ नगर निगम का ‘सेवा मित्र’ ऐप लॉन्च
मुख्यमंत्री ने नगर निगम ग्वालियर के ‘सेवा मित्र’ ऐप को लॉन्च किया। यह ऐप नागरिक स्वच्छता संबंधी शिकायतों के निराकरण के लिए बनाया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *