शहर की कोतवाली थाना पुलिस ने कार रिपेयरिंग और पेंटिंग की दुकान में हुई चोरी की वारदात का महज दो दिन में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो शातिर चोरों को गिरफ्तार करते हुए चोरी गया सामान भी बरामद कर लिया है। कोतवाली थाना अधिकारी देवेंद्र शर्मा ने बताया कि 14 जनवरी की रात को ताहिर पुत्र बाबर खान की कार पेंटिंग और रिपेयरिंग की दुकान को चोरों ने निशाना बनाया। आरोपियों ने दुकान का ताला तोड़कर एक स्टेफनी टायर, दो बैटरियां और अन्य सामान चोरी कर लिया था। पीड़ित की ओर से 16 जनवरी को कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। विशेष टीम का गठन, सीसीटीवी से मिले सुराग चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देश पर बाड़ी एडिशनल एसपी कमल कुमार जागिड़ और बाड़ी सीओ महेंद्र कुमार मीणा के सुपरविजन में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मानवीय इनपुट के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। महाराज बाग बस स्टैंड के पास से गिरफ्तारी पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए शहर के महाराज बाग बस स्टैंड के पास से दो चोरों को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान ठाकुर पाड़ा निवासी गोविंद उर्फ टल्ली पुत्र पप्पू ठाकुर और शेरा ठाकुर पुत्र कल्ला ठाकुर के रूप में हुई है। नशे की लत के चलते करते थे चोरी पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। उनकी निशानदेही पर चोरी किया गया स्टेफनी टायर और दोनों बैटरियां बरामद कर ली गई हैं। पुलिस दोनों आरोपियों से शहर में हुई अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल ओमप्रकाश के साथ कांस्टेबल राजेंद्र सिंह और सूबे सिंह का विशेष सहयोग रहा।


