दतिया की भांडेर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक फूलसिंह बरैया के नारी शक्ति को लेकर दिए गए आपत्तिजनक बयान के विरोध में शनिवार शाम भाजपा महिला मोर्चा ने जोरदार प्रदर्शन किया। पीतांबरा पीठ राजगढ़ चौराहे पर शाम करीब साढ़े 5 बजे महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं और नगर की मातृ शक्ति ने विधायक फूलसिंह बरैया का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी के राहुल गांधी और फूलसिंह बरैया के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं का कहना था कि नारी शक्ति के सम्मान के साथ किसी भी प्रकार की टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कांग्रेस नेताओं को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान महिला मोर्चा ने चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस नेताओं द्वारा इस तरह के बयान दोहराए गए तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।


