मौनी अमावस्या स्नान को लेकर रेलवे में अलर्ट:ट्रेनों, रेलवे स्टेशनों पर जांच, बीडीएस-डाग स्क्वायर्ड टीमें सतर्क, पूरी रात पूछताछ

माघ मेला–2026 के मौनी अमावस्या स्नान पर्व को लेकर खास तैयारी की गई है। सबसे बड़े स्नान पर्व को लेकर रेलवे भी अलर्ट पर है। उत्तर मध्य रेलवे, उत्तर रेलवे समेत सभी में विशेष चौकसी शुरू की गई है। सभी रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों में जांच, तलाशी के साथ स्टेशन पर चेकिंग आदेश हुआ है। स्टेशनों, ट्रेनों में बीडीएस, खोजी कुत्ता दल के साथ स्पेशल टीमें पूरी रात जांच में जुटी हैं। प्रयागराज जंक्शन के साथ ही प्रयाग स्टेशन और फाफामऊ रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सबसे अधिक भीड़ उमड़ेगी। ऐस में भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं को लेकर शनिवार रात आला अफसर तैयारी पूरी कराते रहे। भीड़ नियंत्रण और सुचारु संचालन के लिए स्टेशनों आरपीएफ के साथ रेलवे अधिकारियों की टीमें लगाई गई है। स्टेशनों के हर हिस्से की निगरानी निगरानी इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर (ICC) से होगी। वास्तविक समय में निगरानी रखते हुए त्वरित निर्णय लिया जा सके। RPF एवं टिकट चेकिंग कर्मचारियों द्वारा स्टेशन परिसर में भीड़ नियंत्रण एवं असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है साथ ही ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान के समय यात्रियों की सुरक्षा, यात्रियों के सामान की निगरानी तथा संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया। यात्रियों के सुव्यवस्थित आवागमन, प्लेटफार्मों पर संतुलित भीड़ एवं सुगम मार्गदर्शन हेतु स्काउट एंड गाइड तथा सिविल डिफेन्स की टीमों को रणनीतिक स्थानों पर तैनात किया गया है। ये टीमें वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं एवं दिव्यांग यात्रियों को विशेष सहयोग प्रदान कर रही हैं। किसी भी आकस्मिक स्थिति से त्वरित निपटान हेतु क्विक रेस्पोंसे टीम (QRT) को अलर्ट मोड पर रखा गया है। इसके साथ ही रेल सुरक्षा बल, जिला प्रशासन एवं मंडलीय अधिकारियों के बीच निरंतर समन्वय स्थापित किया गया है। मंडल रेल प्रबंधक लखनऊ सुनील कुमार वर्मा ने कहा कि “मौनी अमावस्या स्नान पर्व के दौरान प्रयाग जं. एवं फाफामऊ स्टेशनों पर आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। यात्रियों की सुविधा, मार्गदर्शन एवं भीड़ प्रबंधन हेतु सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है तथा प्रत्येक स्तर पर निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है।”

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *