गणतंत्र दिवस में मंत्री होंगे अतिथि

सिटी रिपोर्टर | बोकारो शनिवार को 77वां गणतंत्र दिवस समारोह मनाने को लेकर समाहरणालय सभागार में बैठक की गई। अध्यक्षता डीसी अजय नाथ झा व एसपी हरविंदर सिंह ने की। बैठक में गणतंत्र दिवस समारोह की रूपरेखा तैयार करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को समयबद्ध रूप से दायित्वों के निष्पादन का निर्देश दिया गया। इस अवसर पर पेयजल व स्वच्छता सह मद्य निषेध मंत्री योगेंद्र प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। स्कूली बच्चों द्वारा शहर के विभिन्न हिस्सों में प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसके लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी व बीएसएल के उप निदेशक को आपसी समन्वय से तैयारी सुनिश्चित करने को कहा गया। डीसी अजय नाथ झा ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि वह सरकार की कल्याणकारी योजनाओं, विभागों की उपलब्धियों को प्रदर्शित करती हुई झांकियां तैयार करें। मुख्य समारोह स्थल पुलिस लाइन मैदान में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। मेडिकल टीम की तैनाती के लिए चिकित्सा पदाधिकारी को निर्देश दिया। बैठक में डीडीसी शताब्दी मजूमदार, डीपीएलआर मेनका, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, चास एसडीएम प्रांजल ढांडा, डीटीओ मारूति मिंज, डीएसओ शालिनी खालखो, डीसीएलआर प्रभाष दत्ता, मुख्यालय डीएसपी अनिमेष गुप्ता, डीएसडब्लूओ सुमन गुप्ता, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा सुचिता किरण भगत, सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। गणतंत्र दिवस समारोह में सभी विभाग द्वारा झलकियां निकाली जाएंगी। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या 25 जनवरी को सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन के लिए शिबू सोरेन स्मृति भवन (टाउन हॉल) को आरक्षित करने व अन्य आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *