इंदौर में दूषित पानी पीने से हुई मौतों के मामले में सियासत तेज हो गई है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को भागीरथपुरा पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। बातचीत के बाद राहुल गांधी ने कहा- “इस घटना का कोई तो जिम्मेदार होगा? सारे परिवार गंदा पानी पीने के बाद बीमार हुए। इंदौर जैसे शहर में साफ पानी नहीं मिल सकता? यहां पानी पीकर लोग मर रहे हैं- यही अर्बन मॉडल है।’ इसके बाद राहुल ने भाजपा की ‘डबल इंजन सरकार’ पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार ने जहरीला पानी देकर लोगों को मारा है, लेकिन अब तक किसी की जवाबदेही तय नहीं की गई। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन और स्मार्ट सिटी मॉडल पर भी सवाल उठाए। राहुल ने सोशल मीडिया पर- ‘बीजेपी की डबल इंजन सरकार का नया स्मार्ट सिटी मॉडल… पानी में जहर, हवा में जहर, दवा में जहर, जमीन में जहर और जवाब मांगो तो चलेगा बुलडोजर। इस मॉडल में गरीबों की मौतों के लिए कोई भी जिम्मेदार नहीं होता।’ देश के सबसे साफ शहर में दूषित पानी से जानें गईं, कोई तो जिम्मेदार होगा? 10 मिनट में 8 मरीजों के हाल जानकर लौटे राहुल… एयरपोर्ट से राहुल सीधे बॉम्बे हॉस्पिटल पहुंचकर मरीजों और उनके परिजनों से मिले। उन्होंने करीब 10 मिनट में 8 मरीजों व उनके परिजनों से बातचीत की। इसके बाद भागीरथपुरा में दो मृतकों गीता बाई (60) और जीवनलाल बरेडे (75) के घर पहुंचे। यहां दोनों मृतकों को श्रद्धांजलि दी। तस्वीर गीताबाई के घर की। परिजनों ने बताया कि गीता बाई 8 दिन तक अस्पताल में भर्ती रहीं। हम अस्पताल में भी घर का पानी पिलाते रहे। राहुल ने सौंपे 1-1 लाख के चेक, लोग बोले- सब चेक दे रहे हैं, हमें तो साफ पानी चाहिए राहुल ने मृतकों के परिजनों को 1-1 लाख रुपए के चेक सौंपे। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी 50-50 हजार रु. की आर्थिक मदद का ऐलान किया। लोगों ने कहा कि सरकार ने भी चेक दिया और कांग्रेस ने भी। हमें साफ पानी चाहिए। यहां पानी को ही जहरीला कर दिया है, इंदौर के लिए जो धारणा थी, यह तो उसके विपरीत राहुल ने वरिष्ठ नेताओं से भी चर्चा की। कहा- ‘पानी की लड़ाई तो लड़नी चाहिए। यहां तो पानी को ही जहरीला कर दिया है। स्वच्छ शहर कहां गया? इंदौर के लिए जो धारणा थी, यह उसके विपरीत है। मैं इस मामले को लोकसभा में भी उठाऊंगा।’ इंदौर में दूषित पानी से जान गंवाने वालों के परिजनों से मिले राहुल, मप्र की 3 बड़ी समस्याएं उठाईं 1. पानी… देश के सबसे साफ शहर इंदौर में दूषित पानी पीने से 24 लोग जान गंवा चुके, कई अस्पताल में भर्ती हैं…। 2. दवा… छिंदवाड़ा में कफ सिरप कोल्ड्रिफ से 22 बच्चों की मौत हुई। यह मुद्दा पूरे देश में छाया रहा। 3. हवा… इंदौर, भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर समेत प्रदेश के हर बड़े शहर में मुद्दा। औसत एक्यूआई 300 के करीब।


