सात दिनों में नहीं मिला कन्हैया तो रांची में होगा चक्का जाम : आदित्य

धुर्वा के अंश और अंशिका की सकुशल बरामदगी के बाद पुलिस के समक्ष करीब 55 दिनों से लापता ओरमांझी के सिलदिरी का रहने वाला बच्चा कन्हैया को ढूंढने की चुनौती है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू ने शनिवार को कन्हैया के परिजनों से घर पर जाकर मुलाकात की। मौके पर ही उन्होंने रांची एसएसपी से बात की सात दिनों का समय दिया। कहा कि बच्चे की सुरक्षित बरामदगी नहीं हुई, तो भाजपा, रांची में चक्का जाम करेगी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि झारखंड में बच्चा चोर और अपहरण गैंग सक्रिय है, जबकि पुलिस-प्रशासन मौन है। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में राज्य से 413 बच्चे लापता हैं, जिनका कोई सुराग नहीं मिला। वहीं मासूम कन्हैया 22 नवंबर 2025 से लापता है। आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि राज्य में विधि-व्यवस्था की स्थिति बदतर हो चुकी है। पुलिस-प्रशासन को आम जनता की समस्याओं की कोई चिंता नहीं है। आदित्य सा​हू ने कहा कि मासूम कन्हैया को न्याय दिलाना सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लापता कन्हैया के परिजनों से मुलाकात के दौरान कन्हैया के बड़े भाई के इलाज के लिए एक लाख रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की। साथ ही पीड़ित परिजनों को ढांढस बंधाया और खाद्य सामग्री, कंबल आदि आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराई। पुलिस सही दिशा में कर रही है कार्रवाई : डीजीपी डीजीपी तदाशा मिश्रा ने कहा कि पुलिस गंभीरता से काम कर रही है। हमारी कार्रवाई सही दिशा में है। एसएसपी राकेश रंजन ने कहा कि अंश और अंशिका की बरामदगी के लिए बनाई गई एसआईटी इस मामले को भी देख रही है। हम पूरी जिम्मेवारी से काम कर रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *