बगोदर | बगोदर प्रखंड के जरमुने पश्चिमी पंचायत में लंबे समय से लंबित विद्युत कार्यों को लेकर पंचायत के निवर्तमान मुखिया संतोष कुमार रजक ने गिरिडीह पहुंचकर विद्युत विभाग के महाप्रबंधक से मुलाकात की। उन्होंने पंचायत के ग्राम जरमुने, माहुरी और मंझिलाडीह में नए विद्युत पोल, तार और आवश्यक स्थानों पर ट्रांसफार्मर सहित केबल लगाने की मांग रखी। जानकारी के अनुसार, संबंधित कंपनी द्वारा कार्य को लगातार टालमटोल किया जा रहा था, जिससे ग्रामीणों को बिजली संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इस पर निवर्तमान मुखिया ने महाप्रबंधक के समक्ष ग्रामीणों की समस्याओं को विस्तार से रखा और कार्य अविलंब शुरू कराने की मांग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए विद्युत विभाग के महाप्रबंधक ने संबंधित कंपनी को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल कार्य प्रारंभ करने का आदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस पहल से पंचायत के ग्रामीणों में खुशी की लहर है और लोगों को जल्द ही विद्युत व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जगी है।


