धौलपुर। शहर के भामतीपुरा चौराहे पर सीवर और नालियों का गंदा पानी सड़कों पर फैलने से रहवासियों सहित वहां से गुजरने वाले लोगों को काफी परेशानी के बीच गंदे पानी के भराव से गुजरना पड़ता है। लंबे समय से नालियों की सफाई न होने और सीवर लाइन जाम होने के कारण गंदा पानी मुख्य सड़क पर जमा हो रहा है। गंदगी के कारण पूरे क्षेत्र में भारी दुर्गंध फैल रही है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। राहगीरों और स्कूली बच्चों को इस बदबूदार पानी के बीच से गुजरने को मजबूर होना पड़ रहा है। निवासियों ने चेतावनी दी है कि कई बार सफाई निरीक्षकों व जमादार को शिकायत कर दी गई है, लेकिन साफ सफाई से उनका कोई सरोकार नहीं रहता है। जबकि चौराहे से लेकर मोहल्लों व गलियों में भी ऐसे ही हालात बने हुए हैं। नालियां चौक होने से समस्या आम बनकर रह गई है।


