छिंदवाड़ा शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में रविवार को बिजली उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी के 132 केवी उपकेंद्र छिंदवाड़ा में तकनीकी खराबी के कारण 18 जनवरी, रविवार को आपातकालीन शटडाउन लिया जा रहा है। इस दौरान सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक बनगांव वितरण केंद्र से जुड़े सभी क्षेत्रों में बिजली सप्लाई बंद रहेगी। बिजली कंपनी के अनुसार 132 केवी उपकेंद्र के 33 केवी मेन बस सेक्शन में तकनीकी खामी पाई गई है। यहां क्लैम्प में बने रेड हॉट प्वाइंट को ठीक किया जाना जरूरी है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह काम आपात शटडाउन लेकर किया जा रहा है, ताकि आगे किसी बड़े फॉल्ट या हादसे से बचा जा सके। इन इलाकों में सप्लाई ठप
शटडाउन के दौरान 33 केवी अमरवाड़ा, सोनाखार, बनगांव, जिला अस्पताल और सौंसर फीडर की बिजली पूरी तरह बंद रहेगी। इन फीडरों से जुड़े सभी उपकेंद्रों और क्षेत्रों में बिजली सप्लाई प्रभावित होगी। शहर और ग्रामीण क्षेत्र में इन जगहों पर रहेगा असर
इस कारण शहर के नागपुर रोड, मटकुली सर्रा, सिवनी रोड, चांद रोड, पातालेश्वर और आनंदम क्षेत्र में बिजली नहीं रहेगी। वहीं ग्रामीण इलाकों में बनगांव, नेर, लालूपिपरिया, सारना, लहगडुआ और आसपास के गांवों में भी बिजली सप्लाई बंद रहेगी। बिजली विभाग ने बताया कि लोड मैनेजमेंट के चलते कुछ क्षेत्रों में बिजली अधिक समय तक भी प्रभावित हो सकती है। काम की स्थिति के अनुसार शटडाउन का समय घटाया या बढ़ाया जा सकता है।


