28.80 लाख के नशीले सिरप की खेप जब्ती का मामला:जस्सा ने तीन दिन पहले महिला के घर में उतरवाया था जखीरा, तीन आरोपी जेल भेजे गए

सतना जिले के उचेहरा थाना क्षेत्र के मडफई गांव में पुलिस ने 28 लाख 80 हजार रुपए कीमत की नशीली सिरप की बड़ी खेप पकड़ी है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक यह खेप कुख्यात गांजा और शराब तस्कर अनूप जायसवाल उर्फ जस्सा ने तीन दिन पहले किसी ट्रक से मंगाकर 65 वर्षीय चौरसिया बाई के घर पर रखवाई थी। जब पुलिस ने महिला से पूछताछ की तो सच सामने आया और जस्सा की तलाश शुरू कर दी गई। 120 कार्टून में 14,400 शीशी बरामद पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी। शुक्रवार शाम को परसमनिया चौकी क्षेत्र के मडफई गांव में चौरसिया बाई के घर छापा मारा गया। तलाशी के दौरान कमरे से 120 कार्टून में रखी 14,400 शीशी नशीला सिरप बरामद हुआ। इसकी कीमत 28 लाख 80 हजार रुपए बताई जा रही है। तीन आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा जेल मौके से चौरसिया बाई, मनीष यादव (31) और शैलेन्द्र उर्फ टिंकू (35) को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 40 हजार रुपए कीमत का मोबाइल और 2 हजार रुपए नकद भी जब्त किया गया।पुलिस ने तीनों को शनिवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस सप्लायर की तलाश में जुटी
पुलिस को इस कार्रवाई से पता चला कि जस्सा, जो पहले गांजा-शराब तस्करी में सक्रिय था, अब मेडिकल नशे की अवैध सप्लाई में भी शामिल हो गया है। वह पन्ना से परसमनिया के रास्ते सिरप मंगाकर सतना और आसपास के जिलों में सप्लाई कर रहा था। अभियान के तहत पुलिस ने आरोपियों पर एनडीपीएस एक्ट और ड्रग कंट्रोल एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। अब पुलिस बैच नंबर के जरिए सिरप के सप्लायर, होलसेलर और निर्माता तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *