पहले फोन पर दी धमकी, फिर कोतवाली में शिकायत:विवाद का ऑडियो आया सामने, युवक बोला– ससुर पांच बार का विधायक रह चुका है

छिंदवाड़ कोतवाली थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक लेन-देन का विवाद तूल पकड़ता नजर आ रहा है। पहले फोन पर धमकी देने और गाली-गलौज का आरोप, फिर थाने पहुंचकर मारपीट की शिकायत और अब इसी विवाद से जुड़ा एक ऑडियो सामने आने से मामला और भी गंभीर हो गया है। जानकारी के मुताबिक देशराज धानुक उर्फ देवा ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उसने रिकी सहित पांच युवकों पर पैसे के लेन-देन को लेकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। इनमें से दो युवक नामजद बताए गए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसी बीच रविवार सुबह इस पूरे विवाद से जुड़ा एक ऑडियो सोशल मीडिया पर सामने आया। ऑडियो में देवा, रिकी से फोन पर बातचीत के दौरान खुद को “छिंदवाड़ा का बड़ा गुंडा” बता रहा है। ऑडियो में वह ‘हाफ मर्डर’ करने और शहर में “नया गुंडा पैदा करने” जैसी धमकियां भी देता नजर आ रहा है। बातचीत में वह यह भी कहता है कि उसके ऊपर एक विधायक का हाथ है और उसका ससुर पांच बार का विधायक रह चुका है। इस मामले में रिकी का आरोप है कि देवा ने खुद उसे फोन कर गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और राजनीतिक संरक्षण होने की बात कहकर डराने की कोशिश की। रिकी का कहना है कि वह इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस में अलग से शिकायत दर्ज कराने की तैयारी कर रहा है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामला जांच में है। शिकायत, सामने आए ऑडियो और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *