धार में बसंत पंचमी और जुमा एक साथ:8 हजार पुलिसकर्मी जिले में रहेंगे तैनात, भोजशाला में भी भारी पुलिस बल तैनात

धार जिले में 23 जनवरी, शुक्रवार को बसंत पंचमी और जुमे की नमाज एक ही दिन होने के कारण पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड पर है। भोजशाला को लेकर शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन के लिए अहम चुनौती है। भोज उत्सव समिति के अनुसार, बसंत पंचमी के दिन भोजशाला में सूर्योदय से सूर्यास्त तक अखंड हवन-पूजन किया जाएगा। समिति ने स्पष्ट किया है कि पूजन कार्यक्रम बिना किसी रुकावट के संपन्न कराया जाएगा। शुक्रवार होने के कारण उसी दिन दोपहर 1 बजे से भोजशाला परिसर में मुस्लिम समुदाय द्वारा जुमे की नमाज अदा की जाएगी। दोनों समुदायों के धार्मिक कार्यक्रम एक ही दिन होने से प्रशासन अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है। 8 हजार पुलिसकर्मी तैनात स्थिति को देखते हुए भोजशाला क्षेत्र, शहर के प्रमुख चौराहों और संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। जिलेभर में करीब 8 हजार पुलिसकर्मी लगाए गए हैं, जिनमें जिला पुलिस के साथ रिजर्व और रिप्लेसमेंट फोर्स भी शामिल है। फ्लैग मार्च निकाला बसंत पंचमी के मद्देनजर रविवार को पुलिस प्रशासन ने फ्लैग मार्च निकाला। यह मार्च किला ग्राउंड से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरा। इसमें स्थानीय पुलिस के साथ रैपिड एक्शन फोर्स (RAF), वज्र वाहन और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। शहर के बदमाशों को दी सख्त चेतावनी फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने आम नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और असामाजिक तत्वों को स्पष्ट संदेश दिया कि किसी भी तरह की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन ने कहा है कि बसंत पंचमी के दिन पूरे जिले में कड़ी निगरानी रखी जाएगी ताकि सभी धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *