अलवर के अकबरपुर थाना क्षेत्र के नटनी का बारा के पास रविवार दोपहर एक जुगाड़ गाड़ी पलटने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में एक 65 साल के बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर घायल है। मौके पर ही लोग धरना देकर बैठे है। जानकारी के अनुसार जुगाड़ गाड़ी में सवार सभी लोग नटनी का बारा व आसपास के इलाकों से भर्तृहरि धाम में आयोजित डीएनटी समाज के महासंगम में शामिल होने जा रहे थे। हादसा करीब दोपहर 12 बजे उस समय हुआ, जब जुगाड़ गाड़ी नटनी का बारा से आगे बढ़ते ही अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नीचे उतर गई और पलट गई। धरने पर बैठे लोगो का आरोप है की जैसे ही नटनी का बारा से आगे निकले तो सामने से पुलिस की गाड़ी आ रही थी जिसे बचाने की चक्कर में जुगाड़ सड़क से नीचे जा कर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। गुस्साए लोगों ने मृतक का शव सड़क पर रखकर धरना शुरू कर दिया, जिससे अलवर-थानागाजी होते हुए जयपुर मार्ग पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। फिलहाल पुलिस व प्रशासन मौके पर पहुंचकर लोगों से समझाइश करने में जुटा हुआ है। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है।


