सीधी जिले के मझौली थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर एक व्यक्ति ने अपने रिश्तेदार पर तलवार से हमला कर दिया। रविवार सुबह हुई इस घटना में घायल युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्राम टेकर निवासी गिरीश तिवारी (45 वर्ष) रविवार सुबह अपने घर के पास थे। इसी दौरान जमीन संबंधी विवाद को लेकर उनके रिश्तेदार दिलीप तिवारी (50 वर्ष), पिता हरिप्रसाद तिवारी, से उनकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दिलीप तिवारी ने तलवार से गिरीश तिवारी के सिर पर हमला कर दिया। हमले में गिरीश तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझौली ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला चिकित्सालय सीधी रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार, सिर में गहरी चोट के कारण उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि गिरीश तिवारी अविवाहित हैं, और इसी कारण आरोपी दिलीप तिवारी लंबे समय से उन पर जमीन के कागजातों पर जबरन हस्ताक्षर कराने का दबाव बना रहा था। परिजनों का यह भी कहना है कि आरोपी अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर मामले को कमजोर करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि थाने में समय पर गंभीर धाराओं में मामला दर्ज नहीं किया गया और मझौली स्वास्थ्य केंद्र में भी समुचित इलाज की व्यवस्था नहीं की गई।


