टोंक के डिग्गी थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत डूंगरी कला के डूंगरी खुर्द गांव में चार लड़कों ने एक दुकान का ताला तोड़कर करीब 25 हजार रुपए चुरा लिए। इस दौरान जाग होने से तीन चोरी के आरोपी रुपए लेकर भाग निकले। जबकि उनका एक नाबालिग साथी पीड़ित परिवार ने पकड़ लिया। कुछ देर बार आस पास के लोग एकत्रित हो गए और लोगों ने उसके हाथ-पैर रस्सी से बांध कर हल्की पिटाई कर डाली। फिर डिग्गी थाना पुलिस को बुलाकर उसके हवाले कर दिया। उधर मामला नाबालिग का होने और किसी की ओर से कोई रिपोर्ट नहीं देने से पुलिस ने नाबालिग को कुछ देर बार पूछताछ कर छोड़ दिया। एक नाबालिग चोर पकड़ा स्थानीय ग्रामीण महावीर रोलानिया ने बताया कि बीती रात करीब एक बजे बाद गांव में सत्यनारायण सिंह की परचूनी की दुकान में चार चोर चोरी की नीयत से घुसे थे। आहट होने पर ग्रामीण जाग गए और आपस में सूचना देकर एकजुट हो गए। ग्रामीणों ने चारों ओर से घेराबंदी की, इस दौरान एक चोर को पकड़ लिया गया, जबकि उसके तीन साथी मौके से फरार हो गए। पकड़े गए चोर ने पूछताछ में बताया कि चोरी की वारदात में कुल चार लोग शामिल थे। ग्रामीणों के अनुसार चोरों ने गांव की एक परचूनी दुकान से करीब 25 हजार रुपए नकद चोरी किए, जिसे फरार चोर अपने साथ ले गए। पुलिस ने पूछताछ कर छोड़ा घटना की सूचना तत्काल डिग्गी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए चोर को अपने साथ ले गई। डिग्गी थाना प्रभारी गोपाल चौधरी ने बताया कि ग्रामीणों ने सूचना देकर पुलिस बुलाई थी, आरोपी नाबालिग था। कोई रिपोर्ट नहीं देने से उसे कुछ देर बाद पूछताछ करके छोड़ दिया। फरियादी द्वारा रिपोर्ट दी जाएगी तो उसी अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। नाबालिग से ग्रामीणों द्वारा मारपीट की जानकारी मुझे नहीं है।


