किराना दुकान में गल्ला लूटकर भागा बदमाश:मुंह पर साल लपेटकर आया,महिला ने पीछे दौड़ लगाई

मुरैना के स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के अंबाह तिराहे पर स्थित एक किराना दुकान में दिनदहाड़े चोरी की घटना सामने आई है। एक बदमाश मुंह बांधकर दुकान में घुसा और मौका पाते ही सीधे गल्ले में हाथ डालकर नकदी लेकर फरार हो गया। दुकान की महिला संचालिका ने चोरी होते देख तुरंत बदमाश को पकड़ने की कोशिश की और उसके पीछे दौड़ी भी, लेकिन आरोपी मौके से भागने में सफल रहा। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना की जानकारी मिलते ही स्टेशन रोड थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश में जुट गई है। महिला बदमाश के पीछे भागी अंबाह तिराहे के पास स्थित जितेंद्र राठौर किराना स्टोर में सुबह चोरी की घटना हुई। दुकान की महिला संचालिका ने आज सुबह करीब 6 बजे दुकान खोली और रोज़ की तरह काम शुरू किया। इसी दौरान एक अज्ञात युवक शॉल ओढ़े और मुंह बांधकर दुकान पर पहुंचा। आरोपी सीधे दुकान के गल्ले तक गया और उसमें रखे छोटे-बड़े सभी नोट उठाकर भाग निकला। जब दुकान संचालिका की उस पर नजर पड़ी तो उन्होंने शोर मचाया और चोर का पीछा भी किया, लेकिन वह फरार हो गया। भागते समय आरोपी के हाथ से दो नोट भी गिर गए। दुकान संचालिका के अनुसार गल्ले में करीब 5 से 8 हजार रुपये रखे थे। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है और मामले की जांच की जा रही है। दुकान संचालक जितेंद्र राठौर ने बताया कि दिन में वह स्वयं दुकान संभालते हैं, जबकि सुबह उनकी पत्नी दुकान खोलकर साफ-सफाई का काम करती हैं। आज सुबह भी रोज़ की तरह उनकी पत्नी ने दुकान खोली और सफाई करने लगीं। इसी दौरान एक अज्ञात युवक दुकान पर आया और गल्ले में रखी नकदी लेकर फरार हो गया। जैसे ही घटना हुई, दुकान संचालिका ने शोर मचाया और चोर का सड़क तक पीछा भी किया, लेकिन वह उसे पकड़ने में असफल रही। चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसकी फुटेज पुलिस को सौंप दी गई है। पुलिस ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं स्टेशन रोड थाना प्रभारी कुलदीप राजपूत ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज देखने से प्रतीत होता है कि आरोपी ने पहले दुकान की रेकी की होगी। उसे दुकान खुलने और संचालिका के अकेले होने की जानकारी थी। पुलिस की टीम सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी हुई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *