दमोह जिले के तेंदूखेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत झलौन-तेंदूखेड़ा मार्ग पर रविवार सुबह एक बाइक सवार युवक का शव सड़क किनारे पड़ा मिला। राहगीरों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त कराई और उसे तेंदूखेड़ा स्वास्थ्य केंद्र भेजा। मृतक की पहचान तेजगढ़ थाना क्षेत्र के करौंदी निवासी वकील पिता मुन्ना सिंह लोधी (25) के रूप में हुई। वह शनिवार रात अपने घर से जबलपुर काम करने के लिए बाइक से निकला था। परिजनों के पहुंचने के बाद दोपहर करीब 12 बजे शव का पोस्टमार्टम कराया गया। जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 9 बजे नागबाबा और बगदरी के बीच झलौन-तेंदूखेड़ा मार्ग पर उसका शव घायल अवस्था में मिला। राहगीरों ने डायल 112 पर घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पायलट संदीप अहिरवार, सैनिक मनोहर ठाकुर और प्रधान आरक्षक रवि सेन मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक की शिनाख्त का प्रयास किया और पहचान होने पर परिजनों को सूचित किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। पुलिस का अंदेशा है कि मृतक की बाइक किसी पेड़ से टकरा गई होगी और काफी देर तक घायल अवस्था में पड़े रहने के कारण उसकी मौत हो गई। परिजनों ने भी पुष्टि की कि युवक जबलपुर में काम करता था और शनिवार रात करीब 9 बजे काम के लिए ही जबलपुर निकला था। रफ्तार बनी मौत का कारण वहीं घटनास्थल पर पहुंची पुलिस द्वारा जांच-पड़ताल की गई तो युवक की मौत सड़क हादसे में होना पाया गया है। घटनास्थल पर युवक की छतिग्रस्त बाइक जो तेज रफ्तार में होने के चलते सड़क किनारे लगे पेड़ से टकराकर सड़क किनारे खाई में मिली है।अंदाजा लगाया गया है कि बाइक की रफ्तार इतनी तेज थी कि बाइक के सामने से परखच्चे उड़ गए और बाइक सवार युवक की सिर और चेहरे में गंभीर चोटे लगने के चलते मौके पर ही मौत हो गई। तेंदूखेड़ा थाना प्रभारी रविंद्र बागरी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले में जांच की जा रही है।


