दतिया जिले के चिरूला थाना क्षेत्र में रविवार सुबह ट्रेन से कटकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। चितुवा गांव के पास एक 47 वर्षीय व्यक्ति ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। हादसा इतना भीषण था कि व्यक्ति की गर्दन कटकर दूर जा गिरी, जिसे ढूंढने में पुलिस को करीब आधे घंटे का समय लगा। यह घटना रविवार सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है। मृतक की पहचान राजाराम कुशवाहा (47), निवासी ग्राम दुरसड़ा के रूप में हुई है। वह दतिया स्थित ब्लू स्टार होटल में गार्ड की नौकरी करता था। होटल में नाइट ड्यूटी से लौटा
जानकारी के अनुसार, राजाराम शनिवार रात होटल में नाइट ड्यूटी पर था। ड्यूटी पूरी होने के बाद वह सुबह अपने घर के लिए निकला था, लेकिन घर नहीं पहुंचा। जब काफी देर तक उससे संपर्क नहीं हो पाया तो परिजन उसकी तलाश करने लगे। इसी दौरान पुलिस से सूचना मिलने पर परिजनों को घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही चिरूला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। परिजनों ने बताया कि मृतक की छोटी बेटी की शादी 10 मार्च को तय थी और परिवार में खुशी का माहौल था। इस अचानक हुई घटना से पूरे परिवार में शोक का माहौल है।


