डीडवाना शहर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में तीन बस्तियों का हिंदू सम्मेलन आयोजित किया गया। इस दौरान धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। सम्मेलन के तहत डीडवाना के नागोरिया मंदिर से श्याम जी के चौक तक महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली। सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर यात्रा में भाग लिया। यह यात्रा श्याम जी के चौक पर समाप्त हुई। श्याम जी के चौक में कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना से हुई। इसके बाद सुंदरकांड पाठ, सांस्कृतिक कार्यक्रम और गायक कलाकारों द्वारा भजनों की प्रस्तुतियां दी गईं। आयोजकों ने बताया कि यह सम्मेलन डीडवाना शहर की तीन बस्तियों के लिए था। संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में अगले चार सप्ताह तक डीडवाना शहर और आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न स्थानों पर इसी तरह के हिंदू सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।


