जेब में रखे मोबाइल पर लगी गोली, बच गई जान:युवक के पैर में मामूली चोट आई; आरोपी हवाई फायरिंग कर भाग निकले

सतना में बाइक सवारों ने ऑटो चालक पर फायरिंग कर दी। गोली ऑटो चालक की तरफ आई, लेकिन पेंट की जेब में रखे मोबाइल पर टकरा गई। इससे उसकी जान बच गई। जांघ पर मामूली चोट आई है। इसके बाद आरोपी हवाई फायर करते हुए फरार हो गए। पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया है। घटना शनिवार शाम करीब 6 बजे रीवा रोड की है। जानकारी के अनुसार, पुरैनिया कृपालपुर का रहने वाला विद्यासागर उर्फ कल्लू (24) ऑटो में अपने परिचित मनीष रजक को बैठाकर बस स्टैंड से गांव जा रहा था। रास्ते में महिंद्रा एजेंसी के पास ऑटो की सफेद रंग की बाइक से हल्की टक्कर हो गई। इस पर बाइक पर सवार तीन युवक भड़क गए। वे गाली-गलौज करने लगे। मौके पर लोगों की भीड़ जमा होने पर आरोपी युवक जान से मारने की धमकी देकर वहां से चले गए। कुछ देर बाद विद्यासागर अपने साथी के साथ गहरा नाला के पास एक टपरे पर चाय पी रहा था। तभी बाइक पर चार युवक आए। एक ने पिस्टल निकाली और विद्यासागर पर फायर कर दिया। मोबाइल से टकराई गोली
गोली सीधे विद्यासागर की दाहिनी जेब में रखे मोबाइल फोन पर लगी। मोबाइल से टकराने के बाद गोली उसकी जांघ को छूते हुए बाहर निकल गई। इस वजह से उसे मामूली चोट आई। गोली चलने से विद्यासागर घबरा गया और नीचे गिर गया। आरोपियों ने लोगों में डर पैदा करने के लिए हवा में फायरिंग की और बाइक पर सवार होकर भाग निकले। मनीष ने पुलिस की मदद से घायल विद्यासागर को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज किया गया। डॉक्टरों उसकी हालत खतरे से बाहर बताई। पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लिया
पीड़ित के बयान के आधार पर पुलिस ने कौशिक सिंह और शुभम सिंह सहित चार आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। सीएसपी देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि देर रात सभी चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है और उनसे पूछताछ की जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *