जामताड़ा में नाइट गार्ड की संदिग्ध मौत:ड्यूटी पर गया था नाइट गार्ड, सुबह मिला अचेत, अस्पताल में मौत की पुष्टि

जामताड़ा शहर के थाना रोड स्थित पाहन टॉवर अपार्टमेंट में कार्यरत 50 वर्षीय सिक्योरिटी गार्ड लखन महतो की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक लखन महतो सदर थाना क्षेत्र के दुलडडीह गांव का निवासी था और बीते दो-तीन वर्षों से पाहन टॉवर अपार्टमेंट में नाइट गार्ड के रूप में कार्यरत था। शनिवार रात वह रोज की तरह ड्यूटी पर गया था। रविवार सुबह जब अपार्टमेंट का कार्यालय खुला तो करीब नौ बजे मजदूरों ने गार्ड को अचेत अवस्था में पड़े देखा। इसकी सूचना तत्काल अपार्टमेंट प्रबंधन को दी गई। स्थिति संदिग्ध लगने पर अपार्टमेंट मालिक संजय पाहन और परिजनों को सूचना दी गई। इसके बाद लखन महतो को एंबुलेंस से पारस हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मुआवजा और जांच की मांग पर सड़क जाम गार्ड की मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने मौत को संदिग्ध बताते हुए किसी अनहोनी की आशंका जताई। परिजनों का कहना था कि लखन महतो पूरी तरह स्वस्थ था और उसकी मौत सामान्य नहीं लगती। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने घटनास्थल पर पहुंचकर सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने के साथ-साथ पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने अपार्टमेंट मालिक संजय पाहन को मौके पर बुलाने की भी मांग की। हालांकि संजय पाहन ने रांची से फोन पर बताया कि वे परिजनों के संपर्क में हैं और हर संभव सहयोग करेंगे। लेकिन मौके पर उनकी अनुपस्थिति को लेकर परिजनों में नाराजगी बनी रही। पुलिस ने संभाला मोर्चा, तीन घंटे बाद खुला जाम घटना की सूचना मिलते ही साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल और सदर थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत कर उन्हें शांत करने का प्रयास किया और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। इसके बावजूद करीब तीन घंटे तक सड़क जाम रहा, जिससे थाना रोड और आसपास के इलाकों में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में पुलिस के समझाने और जांच के भरोसे के बाद जाम हटाया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। इस घटना के बाद अपार्टमेंट परिसर सहित पूरे इलाके में शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *