नॉर्थ वेस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी फुटबॉल चैंपियनशिप शुरू:एसकेडी यूनिवर्सिटी में 42 टीमें छह दिन तक दिखाएंगी दमखम

हनुमानगढ़ के खुशाल दास विश्वविद्यालय (एसकेडी यूनिवर्सिटी) में रविवार को नॉर्थ वेस्ट जोन इंटर यूनिवर्सिटी फुटबॉल (पुरुष) चैंपियनशिप का आगाज हुआ। एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज (एआईयू) के देखरेख में आयोजित इस छह दिवसीय प्रतियोगिता में दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान के 42 विश्वविद्यालयों की टीमें भाग ले रही हैं। उद्घाटन समारोह में अतिथियों का स्वागत साफा पहनाकर और तुलसी का पौधा भेंट कर किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुई। इस अवसर पर शांति और सद्भावना के प्रतीक के रूप में गुब्बारे व कबूतर भी उड़ाए गए। खिलाड़ियों को शपथ दिलाई गई और मशाल प्रज्वलन भी हुआ। मुख्य मेहमान गोगामेड़ी गोरखटीला प्रन्यास के अध्यक्ष महंत रूप-नाथ ने कहा कि एसकेडी यूनिवर्सिटी शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी अपनी पहचान बना रही है। हास्य कलाकार ख्याली सहारण ने यहां के आयोजन में सैनिक स्कूल जैसा अनुशासन बताया। अर्जुन अवार्डी जगसीर सिंह ने खिलाड़ियों को अनुशासन, नियमित अभ्यास और संतुलित आहार के महत्व पर जोर दिया। वरिष्ठ पत्रकार बालकृष्ण थरेजा ने खेल के अनुशासन को खिलाड़ी की असली पाठशाला बताया। गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने फुटबॉल को विश्व का सबसे लोकप्रिय खेल बताते हुए कहा कि युवा पीढ़ी इसे भारत में नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी। रिटायर्ड आईजी गिरीश चावला ने सभी खिलाड़ियों, अतिथियों और आयोजन समिति का आभार व्यक्त करते हुए सफल आयोजन का भरोसा दिलाया। खेल निदेशक डॉ. रविन्द्र सिंह सुमल ने बताया कि ठंड और धुंध के बावजूद खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह है। उन्होंने आवास, भोजन और अभ्यास की बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की जानकारी दी। उद्घाटन मैच एमबीएम यूनिवर्सिटी जोधपुर और सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ राजस्थान, अजमेर के बीच खेला गया। दूसरा मुकाबला अपेक्स यूनिवर्सिटी जयपुर और सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ हरियाणा के बीच हुआ। समारोह में शिक्षा, प्रशासन, खेल और समाजसेवा से जुड़े अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *