झालावाड़ में 35वीं सब-जूनियर जिला स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता (बालक एवं बालिका वर्ग) का समापन रविवार को विजया राजे सिंधिया राजकीय खेल संकुल में हुआ। इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में रूपनगर पब्लिक स्कूल ने बालक और बालिका दोनों वर्गों में खिताब अपने नाम किए। जिला खो-खो संघ झालावाड़ के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता के समापन समारोह के मुख्य अतिथि जिला ओलिंपिक संघ के अध्यक्ष महेंद्र कुमार अग्रवाल थे। विशिष्ट अतिथि जिला शारीरिक शिक्षक संघ (प्रारंभिक) के अध्यक्ष बनवारी लाल परिहार रहे, जबकि समारोह की अध्यक्षता जिला खो-खो संघ के कोषाध्यक्ष कन्हैयालाल कश्यप ने की। जिला खो-खो संघ के अध्यक्ष बलवीर प्रजापति और सचिव डॉ. अलीम बेग ने कार्यक्रम की जानकारी दी। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और विजेता तथा उपविजेता टीमों को मेडल व शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया। बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में रूपनगर पब्लिक स्कूल, झालावाड़ ने लाला कमलापति सिंघानिया एजुकेशन सेंटर, झालावाड़ को 11–5 अंकों से हराकर खिताब जीता। इसी तरह बालिका वर्ग के फाइनल में भी रूपनगर पब्लिक स्कूल ने लाला कमलापति सिंघानिया एजुकेशन सेंटर की टीम को 14–5 अंकों से पराजित कर विजय प्राप्त की। इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर चयनित झालावाड़ की टीम 35वीं राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेगी। यह प्रतियोगिता खाटू श्यामजी (सीकर) में आयोजित होगी, जिसके लिए झालावाड़ टीम 26 जनवरी को रवाना होगी। प्रतियोगिता में शरीफ खान, विनोद खरनिवाल, शरीफुल, सुश्री विनीता शर्मा और अजय जोशी ने निर्णायक की भूमिका निभाई। रूपनगर टीम से चिराग अग्रवाल, अबीर शर्मा, भाविक निमेष तथा सिंघानिया स्कूल से देवांश मालपानी, मोहित गुर्जर, राघव पाटीदार, प्रखर गुप्ता ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। बालिका वर्ग में आरल गुप्ता, जीविका, अन्वी, परिधि, काव्या एवं आस्था ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।


