जिले के रतनगढ़ थाना क्षेत्र से एक 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा घर से लापता हो गई है। छात्रा के काफी तलाशने पर भी नहीं मिलने के बाद उसके चाचा ने पुलिस थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। मामले की जांच कर रहे रतनगढ़ थाना के एएसआई राजेंद्र सिंह ने बताया कि रतनगढ़ शहर के एक व्यक्ति ने यह रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार वह और उसके बड़े भाई का परिवार संयुक्त रूप से रहता है। उसका बड़ा भाई निजी नौकरी करता है और उसकी तीन बेटियां हैं। रिपोर्ट में बताया गया है कि उसकी 17 वर्षीय बड़ी भतीजी शनिवार शाम घर से बाहर गई थी और रात तक वापस नहीं लौटी। देर रात उसने अपनी मां को फोन कर बताया कि वह अपनी मर्जी से घर से गई है और उसे तलाशने का प्रयास न किया जाए। इसके बाद से छात्रा का कोई पता नहीं चला है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है और नाबालिग छात्रा को ढूंढने के प्रयास कर रही है।


