बालाघाट में पुलिस ने रेत चोरी करते दो ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी:खनिज विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, दो चालक गिरफ्तार

बालाघाट जिले में रेत चोरी का सिलसिला जारी है। खैरलांजी पुलिस ने अवैध रूप से रेत का परिवहन करते हुए दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ा है। इस कार्रवाई के दौरान दो चालकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर की। खैरलांजी थाना प्रभारी रामसिंह पटेल ने बताया कि रविवार को सूचना मिली थी कि हेटी राईस मिल और फोगलटोला एवं चुटिया के बीच से रेत चोरी की जा रही है। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया। गिरफ्तार किए गए चालकों की पहचान अतरी निवासी दूरदर्शन रिनायत (36) और खैरलांजी निवासी विशाल सिहोरे (20) के रूप में हुई है। इन दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), खनिज अधिनियम और गौण खनिज नियम के तहत अपराध दर्ज किया गया है। जब्त किए गए ट्रैक्टरों को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। जिले में ‘सफेद सोना’ कही जाने वाली रेत की चोरी लगातार बढ़ रही है। भारी-भरकम खनिज अमले के बावजूद, खनिज विभाग इसे रोकने में विफल रहा है, जिससे विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। इन दिनों रेत चोरी रोकने का काम अक्सर पुलिस विभाग द्वारा किया जा रहा है। इस पूरी कार्रवाई में प्रधान आरक्षक विवेक ठाकरे, देवनलाल पंद्रे, आरक्षक रोहित यादव, विष्णु जाट, आकाश अहिरवार, शिवजीत और वीरेन्द्र रावतकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *