धार में भारतीय किसान यूनियन की बैठक:किसान-मजदूर जागरूकता अभियान जल्द शुरू करने का निर्णय

धार जिले के राजगढ़ में रविवार को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की एक आवश्यक बैठक हुई। इस बैठक में संगठन की कार्यकारिणी के विस्तार के साथ-साथ आगामी आंदोलन और कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जिला अध्यक्ष राकेश सोलंकी सहित यूनियन के सभी प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी दिनों में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) द्वारा जिलेभर में किसान-मजदूर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। सभी तहसीलों में धरने की रणनीति
यूनियन के जिला मीडिया प्रभारी दिनेश राठौड़ ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत शिक्षा, स्वास्थ्य और किसान हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर जिले की लगभग सभी तहसीलों में धरना-प्रदर्शन किए जाएंगे। प्रत्येक तहसील में आठ-आठ दिन के अंतराल पर धरने आयोजित होंगे। इसके साथ ही सभी तहसीलों में प्रधानमंत्री एवं राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भी सौंपे जाएंगे। मीडिया प्रभारी राठौड़ ने यह भी बताया कि शिक्षा, स्वास्थ्य और किसान हितों से जुड़े जो भी प्रमुख मुद्दे होंगे, उन्हें धरना स्थल पर ही सार्वजनिक किया जाएगा। इसका उद्देश्य आमजन और किसानों को इन समस्याओं की जानकारी देना और उनमें जागरूकता बढ़ाना है। किसान-मजदूर जागरूकता अभियान की शुरुआत सरदारपुर तहसील के राजगढ़ बस स्टैंड पर आयोजित धरने से की जाएगी। वहीं, इस अभियान का समापन जिला मुख्यालय धार में एक धरना-प्रदर्शन के साथ किया जाएगा। बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन किसानों और मजदूरों के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी। इस अभियान के माध्यम से संगठन को और अधिक मजबूत करने के साथ-साथ आम किसानों की समस्याओं को शासन तक पहुंचाया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *