आलोट के कछालिया गांव में सिंचाई कर रहे एक किसान की करंट लगने से मौत हो गई। 27 वर्षीय भारत पुत्र देवीलाल मालवीय एलटी लाइन के टूटे तार की चपेट में आ गए। इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने बिजली कंपनी के लाइनमैन की पिटाई कर दी। यह घटना रविवार दोपहर की है। भारत अपने खेत में पानी की सिंचाई कर रहे थे। पानी की पहुंच जांचते समय उनके पैरों के नीचे एलटी लाइन का एक टूटा हुआ तार आ गया। खेत में नमी और बिजली आपूर्ति चालू होने के कारण उन्हें करंट लगा और मौके पर ही भारत की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह लाइन भारत के खेत से होकर अन्य किसानों के खेतों तक जा रही थी। तीन तारों में से एक तार कैसे टूटा, इसकी जांच की जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। उन्होंने बिजली कंपनी की लापरवाही पर नाराजगी व्यक्त की और कंपनी के लाइनमैन की पिटाई कर दी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आलोट थाने की पुलिस और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत की, पंचनामा बनाया और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। मृतक का शव ताल के सिविल अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। कई बार की शिकायत स्थानीय निवासी हरिओम धाकड़ ने बताया, हमने कई बार लाइनमैन को टूटे तारों और खतरे के बारे में अवगत कराया था, लेकिन कंपनी ने कभी ध्यान नहीं दिया। रविवार को इस लापरवाही ने एक युवा किसान की जान ले ली। ग्रामीणों का कहना है कि कंपनी की उदासीनता से इलाके में बिजली लाइनों की स्थिति जर्जर बनी हुई है,जो किसी भी वक्त बड़े हादसे को न्योता दे रही है। 20 दिन पहले भी हुई थी घटना आलोट क्षेत्र में बिजली कंपनी की लापरवाही से यह पहली जानलेवा घटना नहीं है। लगभग 20 दिन पहले पाटन गांव में एक युवती हाई टेंशन लाइन की चपेट में आ गई थी, जिसका उपचार अभी भी जारी है। कंपनी देती बीमा क्लेम इस मामले में बिजली कंपनी के डिवीजन अधिकारी महेंद्र महिड़ा ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद मृतक के परिवार को बीमा क्लेम की राशि दिलाई जाएगी।


