भास्कर न्यूज | अमृतसर पंजाब प्रदेश व्यापार मंडल की बैठक में सर्वसम्मति से 15 मार्च को व्यापारी दिवस मनाने का फैसला लिया गया। व्यापारी दिवस मंडल के पूर्व प्रधान स्वर्गीय अमृतलाल जैन की जयंती के अवसर पर उनके सम्मान और स्मृति में आयोजित किया जाएगा। स्व. अमृतलाल जैन पंजाब के व्यापारियों के एक कद्दावर नेता थे, जिन्होंने जीवनभर व्यापारी वर्ग के अधिकारों, सम्मान और उत्थान के लिए संघर्ष किया। बैठक में पंजाब प्रदेश व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्यारे लाल सेठ, राज्य उपाध्यक्ष रंजन अग्रवाल, राज्य महासचिव समीर जैन, जिला अध्यक्ष एवं राज्य उपाध्यक्ष सुरिंदर दुग्गल एवं कोषाध्यक्ष एसके वाधवा विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में पंजाब एवं अमृतसर में व्यापार और उद्योग की वर्तमान स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में पंजाब में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर चिंता व्यक्त की गई। अमृतसर में प्रस्तावित यूनिटी मॉल जैसी परियोजनाओं को व्यापार, एमएसएमई, उद्योग, पर्यटन और प्रदर्शनी संस्कृति के लिए नई उम्मीद बताते हुए वक्ताओं ने कहा कि ऐसे प्रोजेक्ट्स को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाना चाहिए। इसके अलावा व्यापार एवं उद्योग की मजबूती के लिए पंजाब में ट्रेड एवं इंडस्ट्री के विकास हेतु विशेष आर्थिक पैकेज देने की मांग की गई।


