अनूपपुर में पत्नी की हत्या का आरोपी पति गिरफ्तार:चरित्र पर संदेह कर डंडे से पीटा था; छह माह बाद पकड़ाया

अमरकंटक थाना क्षेत्र में 23 जुलाई 2025 को हुई 45 वर्षीय कविता बाई की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पति परदेशी विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी छह माह से फरार चल रहा था। उसे रविवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जिला जेल भेज दिया गया। परदेशी विश्वकर्मा को शनिवार देर रात छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से गिरफ्तार किया गया। पुष्पराजगढ़ एसडीओपी नवीन तिवारी ने बताया कि 23 जुलाई 2025 को ग्राम बिलासपुर में एक महिला का शव अर्धनग्न अवस्था में उसके घर के अंदर मिला था। मृतिक के बेटे जितेंद्र कुमार बरनवा ने पुलिस को इसकी सूचना दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने निरीक्षण और पंचनामा कर स्थानीय लोगों से पूछताछ की। जांच में पता चला कि मृतिक कविता बाई के पहले पति रामकुमार बरनवा का पांच वर्ष पूर्व निधन हो गया था। पिछले दो साल से वह परदेशी विश्वकर्मा को अपने घर पर रखे हुए थी। परदेशी विश्वकर्मा कविता बाई के चरित्र पर संदेह करता था और अक्सर घर में विवाद करता था, यहां तक कि एक-दो बार मारपीट भी की थी। 22 जुलाई को हुई थी हत्या 22 जुलाई 2025 की शाम करीब 5 बजे परदेशी ने बांस के डंडे से कविता बाई की सड़क पर ही पिटाई शुरू कर दी। उसे घसीटते हुए घर के अंदर ले गया और वहां भी मारपीट की। इसके बाद उसे खटिया पर लिटाकर दरवाजा बंद कर फरार हो गया। 23 जुलाई की सुबह जब लोग मृतिका के घर पहुंचे, तो वह मृत अवस्था में पड़ी मिली। शव का पोस्टमॉर्टम सीएचसी अमरकंटक में कराया गया। पीएम रिपोर्ट में मौत सिर, पीठ, पसली, हाथ और कूल्हे में आई गंभीर चोटों के कारण होना बताया गया। मामले में आरोपी के खिलाफ कई धाराओं में केस दर्ज कर एसडीओपी नवीन तिवारी ने जांच शुरू की थी। लगातार खोजबीन के बावजूद आरोपी का पता नहीं चलने पर पुलिस अधीक्षक ने इनाम की घोषणा की थी। मुखबिर की सूचना पर परदेशी विश्वकर्मा को कोरबा जिले से पकड़ा गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *