कोटपूतली में सोमवार सुबह कड़ाके की सर्दी के बीच घना कोहरा छा गया, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। अल सुबह से ही शहर और आसपास के इलाकों में कोहरे की मोटी परत जम गई। घने कोहरे के कारण दृश्यता घटकर 50 मीटर से भी कम रह गई। दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 48 पर वाहन चालकों को हेडलाइट और फॉग लाइट का उपयोग करते हुए धीमी गति से वाहन चलाते देखा गया। कोहरे का सीधा असर सड़कों पर दिखाई दिया। दिल्ली-जयपुर हाईवे, डाबला रोड, कोटपूतली-बानसूर रोड और विराटनगर-नारेड़ा स्टेट हाईवे सहित शहर की आंतरिक सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। सुबह के समय इन सभी प्रमुख मार्गों पर वाहन बेहद धीमी गति से चले। हाईवे पर लंबी दूरी के वाहन रेंगते हुए आगे बढ़ रहे थे, जबकि शहर के भीतर ट्रैफिक सामान्य दिनों की तुलना में काफी सुस्त रहा। घने कोहरे के कारण कोटपूतली के कई इलाकों में सड़कें धुंध में गुम दिखाई दीं। स्कूल बसों को भी आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा और सुबह के समय कई प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक की गति बेहद कम दर्ज की गई। हालांकि, किसानों के लिए यह धुंध रबी की फसल के लिए फायदेमंद मानी जा रही है।


