भीलवाड़ा जिले में अवैध बजरी परिवहन के दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उदयपुर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद गुस्साए ग्रामीण अस्पताल की मॉर्च्युरी के बाहर इकट्ठा हो गए हैं। मामला बड़लियास थाना क्षेत्र के भाकलिया गांव का है। ग्रामीणों के अनुसार भाकलिया निवासी दिनेश कुमार (22) पुत्र जमनालाल बैरवा खेत में फसल की पिलाई करने के बाद बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार बजरी से भरे ट्रैक्टर ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उदयपुर किया गया रेफर हादसे के बाद आसपास के ग्रामीणों ने घायल दिनेश को तुरंत भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर उदयपुर रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर बड़लियास थाना के एएसआई गोपाललाल मौके पर पहुंचे और पुलिस ने ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू की। इलाज के दौरान मौत, ग्रामीणों में आक्रोश गंभीर रूप से घायल दिनेश ने बुधवार सुबह उदयपुर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में शोक और आक्रोश फैल गया। इसके बाद गुस्साए लोग भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल की मॉर्च्युरी के बाहर एकत्र होने लगे। सूचना पर पुलिस जाप्ता भी मौके पर पहुंच गया है।


