सरगुजा में मुर्रा फैक्ट्री में लगी आग,घर व सामान जला:सिलेंडर में विस्फोट से फैली आग, फायर ब्रिगेड की टीम ने पाया काबू

सरगुजा जिले के ग्राम पंचायत खजूरी में मुर्रा बनाने वाली एक फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते घर में रखे मुर्रा बनाने के सामान एवं घर में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। घटना की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया। घटना दरिमा थाना क्षेत्र की है। जानकारी अनुसार, ग्राम खजूरी में एक मकान को किराए पर लेकर पत्थलगांव, रायगढ़ निवासी जगन्नाथ राम के द्वारा मुर्रा फैक्ट्री का संचालन किया जा रहा था। घर में बड़े पैमाने पर मुर्रा बनाया जाता था। जगन्नाथ राम द्वारा फैक्ट्री के बगल में ही अपना घर भी बनाया गया है। फैक्ट्री में स्थानीय ग्रामीण काम करते थे। सिलेंडर में विस्फोट से लगी आग
बताया गया है कि रविवार शाम करीब 4 बजे को मुर्रा बनाने की फैक्ट्री में रखे गए सिलेंडर में लीकेज के कारण आग लग गई एवं एक सिलेंडर फट गया, जिससे आग भड़क गई। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को चपेट में ले लिया। आगजनी की सूचना पर अंबिकापुर से फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आगजनी में मुर्रा बनाने के लिए किराए में लिए गए मकान एवं अंदर रखा सामान पूरी तरह से जल गया। इससे संचालक को लाखों का नुकसान हुआ है। गनीमत यह रही कि घटना के दौरान मौके पर कोई भी मौजूद नहीं था, जिसके कारण कोई जनहानि नहीं हुई। आग की चपेट में आकर फैक्ट्री में रखा मुर्रा, कच्चा माल, मशीनें और घरेलू उपयोग का अन्य सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। दरिमा पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *