भास्कर न्यूज | जशपुरनगर धान खरीदी सीजन के दौरान अवैध धान की आमद पर रोक लगाने के लिए जशपुर प्रशासन और पुलिस लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में शुक्रवार की सुबह तपकरा क्षेत्र में संयुक्त कार्रवाई करते हुए प्रशासन व पुलिस की टीम ने 40 क्विंटल अवैध धान जब्त किया है। िमली जानकारी के अनुसार, 18 जनवरी को सुबह करीब 7 बजे थाना तपकरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम जामटोली (जामबहार) निवासी मनोज एक्का के घर में बड़ी मात्रा में धान की बोरियां रखी गई हैं, जो उसकी खेती के रकबे से कहीं अधिक है। आशंका जताई गई कि उक्त धान कहीं और से अवैध रूप से लाकर घर में डंप किया गया है, जिसे धान उपार्जन केंद्र में खपाने की तैयारी है। सूचना मिलते ही थाना तपकरा की टीम नायब तहसीलदार फरसाबहार शोभनाथ सिंह के नेतृत्व में ग्राम जामटोली में संदिग्ध के घर पर पहुंचकर धान का भौतिक सत्यापन किया। जांच के दौरान मनोज एक्का के घर में उसकी खेती के रकबे से अतिरिक्त 40 क्विंटल धान पाया गया। प्रशासन द्वारा वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए कहे जाने पर मनोज एक्का कोई भी वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। इस पर जिला प्रशासन व पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 40 क्विंटल धान को जब्त कर लिया।


